Starburst Galaxy: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने हबल स्पेस टेलीस्कोप और अन्य की मदद से ब्रह्मांड के कई रहस्यों से पर्दा उठाया है। साथ ही विज्ञानियों के भीतर ब्रह्मांड के विस्तार को समझने की क्षमता का भी विस्तार हुआ है। हाल ही में नासा ने स्टारबर्स्ट गैलेक्सी की एक अद्भुत तस्वीर साझा की। यह तस्वीर इतनी ज्यादा अद्भुत है कि अंतरिक्ष प्रेमी इसे निहारते ही रह जाएंगे।
अब आप लोगों के ज़हन में जरूर एक सवाल उठ रहा होगा कि आखिर ये स्टारबर्स्ट गैलेक्सी क्या है? ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है। यह एक ऐसी गैलेक्सी है, जहां पर बेहद तीव्र गति के साथ तारों का निर्माण होता है और यह ज्यादा दूर भी नहीं है।
कितनी दूरी पर है स्टारबर्स्ट गैलेक्सी?
बकौल नासा, स्टारबर्स्ट गैलेक्सी हमेशा एक्टिव मोड में रहती है। नासा ने जिस स्टारबर्स्ट गैलेक्सी की तस्वीर साझा की है उसे हम NGC 1569 के नाम से भी जानते हैं। स्टारबर्स्ट गैलेक्सी का मतलब ऐसी गैलेक्सी से है, जो बहुत तेज गति के साथ तारे बना रही है। यह सबसे ज्यादा एक्टिव पड़ोसी गैलेक्सी में से एक है। इसकी ब्रह्मांडीय दूरी महज 11 मिलियन प्रकाश वर्ष है।

स्टारबर्स्ट गैलेक्सी (फोटो साभार: NASAHubble)
कितनी तेजी से हो रहा तारों का निर्माण?
बकौल नासा, लगभग 100 मिलियन वर्षों से NGC 1569 ने मिल्की वे (हमारी घरेलू गैलेक्सी) की तुलना में 100 गुना अधिक तेजी से तारों का निर्माण किया है। नासा द्वारा साझा की गई तस्वीर को हबल स्पेस टेलीस्कोप की मदद से कैप्चर किया गया है। इस तस्वीर में गैलेक्सी के कुछ विशाल तारा समूहों को दिखाया गया है, जिनमें से हर एक में एक मिलियन से अधिक तारे हैं।
स्टारबर्स्ट गैलेक्सी में चमकीले नीले रंग के तारा समूह काफी अद्भुत लग रहे हैं, जो लाल बादलों से घिरे हुए हैं। इसमें कुछ हल्के हरे रंग के तारे भी दिखाई दे रहे हैं।
