नॉलेज

अंतरिक्ष से दिखी पृथ्वी की अद्भुत सुंदरता; NASA ने शेयर किया मंत्रमुग्ध करने वाला नजारा; देखें तस्वीरें

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने अंतरिक्ष से पृथ्वी की कैप्चर की गईं तस्वीरें साझा कीं। इस तस्वीरों को आर्टेमिस-II मिशन के कमांडर रीड वाइज़मैन ने कैप्चर किया है।

Image

नासा ने शेयर की पृथ्वी की मनमोहक तस्वीर (फोटो साभार: NASA)

Artemis II Mission: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) का आर्टेमिस-II मिशन सफलतापूर्वक पृथ्वी की कक्षा छोड़कर चंदा मामा की ओर बढ़ चला है। इस दौरान, अंतरिक्ष यात्रियों ने नीली चमचमाती पृथ्वी की मनमोहक तस्वीरें कैप्चर कीं।

मंत्रमुग्ध करने वाला नजारा

नासा ने शुक्रवार को मिशन शुरू होने के करीब डेढ़ दिन बाद अंतरिक्ष से पहली तस्वीर भेजी, जिसे मिशन कमांडर रीड वाइज़मैन (Reid Wiseman) ने कैप्चर किया। तस्वीर में कैप्सूल की खिड़की से पृथ्वी का एक घुमावदार हिस्सा दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरी तस्वीर में चमचमाती हुई पृथ्वी नजर आ रही है, जिसमें नीले महासागर और उनके ऊपर फैले सफेद बादलों की परत साफ देखी जा सकती है।

कहां हैं अंतरिक्ष यात्री?

मिशन कमांडर रीड वाइज़मैन और उनकी टीम शुक्रवार सुबह तक पृथ्वी से लगभग 1.45 लाख किलोमीटर दूर पहुंच गए हैं और तेजी से चंद्रमा की ओर बढ़ रहे हैं। अभी उन्हें लगभग 2.7 लाख किलोमीटर और सफर तय करना है। उम्मीद है कि अंतरिक्ष यात्री सोमवार तक चंदा मामा के करीब पहुंच जाएंगे।

ऑरोरा भी आया नजर

नासा ने तस्वीर शेयर करते हुए कहा, ''हम अपनी पृथ्वी को एक साथ पूरी तरह से देखते हैं, जो शानदार नीले और भूरे रंगों से जगमगा रही है। इसके चारों ओर हरे रंग की खूबसूरत ऑरोरा (Aurora) भी दिखाई देती है। यही हमारी पृथ्वी है, जहां से हम सब मिलकर अपने अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की यात्रा पर जाते हुए देख रहे हैं।''

मिशन में कौन-कौन हैं शामिल

आर्टेमिस-II मिशन में तीन अमेरिकी और एक कनाडाई अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं। सभी अंतरिक्ष यात्री ओरियन कैप्सूल में चंदा मामा का चक्कर लगाएंगे और फिर बिना रुके सीधे पृथ्वी पर वापस लौट आएंगे। गुरुवार रात ओरियन स्पेसक्राफ्ट के मुख्य इंजन को स्टार्ट किया गया था, जिससे चंद्रमा की ओर उनकी यात्रा शुरू हो गई।

साल 1972 में Apollo 17 के बाद यह पहला मौका है, जब इंसान चंद्रमा की यात्रा पर निकले हैं। नासा की अधिकारी डॉ. लोरी ग्लेज ने बताया कि 1972 के बाद यह पहली बार है जब इंसान पृथ्वी की कक्षा से बाहर निकले हैं और चंद्रमा की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने इसे आर्टेमिस प्रोग्राम के लिए एक बड़ा कदम करार दिया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article