Artemis II Mission: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) का आर्टेमिस-II मिशन दिन-प्रतिदिन काफी रोचक हो रहा है। इस मिशन के तहत चार अंतरिक्ष यात्री ओरियन अंतरिक्ष यान से चांद के नजदीक पहुंच रहे हैं तो दूसरी तरफ पृथ्वी की विस्मय से भर देने वाली तस्वीरें कैप्चर कर रहे हैं।
अभी कहां पहुंचे अंतरिक्ष यान?
ओरियन अंतरिक्ष यान अपने गंतव्य पर पहुंचने ही वाला है। यान ने चांद की यात्रा का लगभग 2/3 हिस्सा पूरा कर लिया है और बिना थके आगे बढ़ रहा है। उम्मीद है कि सोमवार तक ओरियन अंतरिक्ष यान में सवार अंतरिक्ष यात्री चंदा मामा के करीब पहुंच जाएंगे और फिर उसके दूरस्थ हिस्से की तस्वीरें लेंगे।
नासा ने 'एक्स' पर मिशन से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। इस दौरान, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि आर्टेमिस-II मिशन ने अभी-अभी चांद की यात्रा का दो-तिहाई हिस्सा पूरा कर लिया है। उड़ान के चौथे दिन ओरियन में सवार अंतरिक्ष यात्रियों ने अपनी आने वाली चंद्र उड़ान के दौरान चांद का अध्ययन करने की योजनाओं पर चर्चा की और अभी वह अंतरिक्ष यात्र को मैन्युअल रूप से नियंत्रित करने की प्रैक्टिस कर रहे हैं।
'मेरे पास शब्द नहीं...'
आर्टेमिश-II मिशन की कमांडर रीड वाइज़मैन ने एक्स पर मंत्रमुग्ध कर देने वाली तस्वीर शेयर की और कहा, ''मेरे पास शब्द नहीं हैं।'' इस मिशन में तीन अमेरिकी और एक कनाडाई अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं।
नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
आर्टेमिस-II मिशन इंसानों द्वारा तय की गई अब तक की सबसे लंबी दूरी का रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रहा है। यह यान पृथ्वी से लगभग 2,52,000 मील दूर तक जाएगा, जो मौजूदा रिकॉर्ड अपोलो 13 के नाम है। ओरियन यान चांद के पीछे से यूटर्न लेकर बिना लैंडिंग या ऑर्बिट में प्रवेश किए पृथ्वी की ओर लौटेगा।
ओरियन यान की कब होगी लैंडिंग
आर्टेमिस-II मिशन 10 अप्रैल को प्रशांत महासागर में स्प्लैशडाउन के साथ समाप्त होगा। यह मिशन नासा की उस बड़ी योजना का हिस्सा है, जिसके तहत 2028 तक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर मानव लैंडिंग और भविष्य में स्थायी बेस बनाने की तैयारी की जा रही है।
