Times Now Navbharat
live-tv
Premium

अंतरिक्ष से आने वाली आफत को कैसे रोकेंगे वैज्ञानिक? एस्टेरॉयड पर NASA के हमले की जांच क्यों कर रहा यूरोप?

धरती को संभावित खतरनाक एस्टेरॉयड की टक्कर से बचाने के लिए नासा ने 2022 में 'DART' मिशन के तहत यान टकराकर उसकी दिशा बदली थी, जिसके परिणामों की जांच अब यूरोपियन स्पेस एजेंसी का 'Hera' मिशन कर रहा है।

Image
NASA के DART मिशन के बाद ESA ने Hera क्यों भेजा? (AI Photo)
Compiled by: शिशुपाल कुमार
Updated Nov 13, 2026, 16:32 IST
Follow on Google News

कल्पना कीजिए कि अंतरिक्ष से एक विशाल एस्टेरॉयड या समझिए कि एक चट्टान तेजी से पृथ्वी की ओर बढ़ रही है। उसकी रफ्तार इतनी ज्यादा है कि अगर वह धरती से टकरा जाए तो तबाही मच जाएगी, एक बहुत बड़ा भूभाग नष्ट हो सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इंसान के पास अंतरिक्ष से आ रहे इस आफत को रोकने का कोई तरीका है? क्या किसी एस्टेरॉयड को पृथ्वी से टकराने से पहले ही उसका रास्ता बदला जा सकता है?

यह सवाल अब केवल विज्ञान की कल्पना तक सीमित नहीं है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA ने सितंबर 2022 में एक ऐसा प्रयोग किया, जिसमें जानबूझकर एक अंतरिक्ष यान को एस्टेरॉयड से टकराया गया। इसका मकसद एस्टेरॉयड को नष्ट करना नहीं, बल्कि उसकी गति और कक्षा में बदलाव करना था। इस प्रयोग को DART मिशन नाम दिया गया। अब यूरोपियन स्पेस एजेंसी (ESA) का Hera मिशन इसी प्रयोग के नतीजों की पड़ताल कर रहा है। आखिर एस्टेरॉयड क्या होते हैं? ये धरती के लिए कितना बड़ा खतरा बन सकते हैं? NASA ने किस एस्टेरॉयड को निशाना बनाया था और यूरोप अब उसी जगह क्या खोज रहा है? आइए समझते हैं।

एस्टेरॉयड क्या होते हैं?

आइए सबसे पहले समझते हैं कि एस्टेरॉयड होते क्या हैं?एस्टेरॉयड यानी क्षुद्रग्रह अंतरिक्ष में मौजूद चट्टानी या धातु से बने छोटे खगोलीय पिंड होते हैं, जो सूर्य के चारों ओर चक्कर लगाते हैं। इनका आकार कुछ मीटर से लेकर सैकड़ों किलोमीटर तक हो सकता है। सौरमंडल में इनकी सबसे बड़ी आबादी मंगल और बृहस्पति ग्रह के बीच मौजूद एस्टेरॉयड बेल्ट में पाई जाती है। हालांकि, सभी एस्टेरॉयड इसी बेल्ट तक सीमित नहीं हैं। कुछ एस्टेरॉयड सूर्य की परिक्रमा करते हुए पृथ्वी की कक्षा के करीब भी पहुंचते हैं। इन्हें नियर अर्थ ऑब्जेक्ट (Near-Earth Objects यानी NEOs) कहा जाता है। इनमें एस्टेरॉयड के साथ कुछ धूमकेतु भी शामिल होते हैं।

वैज्ञानिकों की चिंता उन एस्टेरॉयड को लेकर होती है, जिनकी कक्षा पृथ्वी के करीब आती है और जिनके धरती से टकराने की आशंका हो सकती है। ऐसे पिंडों को संभावित रूप से खतरनाक एस्टेरॉयड यानी Potentially Hazardous Asteroids (PHAs) कहा जाता है। हालांकि, किसी पिंड का इस श्रेणी में होना यह नहीं बताता कि वह निश्चित रूप से पृथ्वी से टकराएगा।

नासा का डार्ट मिशन (फोटो- NASA)

नासा का डार्ट मिशन (फोटो- NASA)

एस्टेरॉयड की टक्कर से धरती को कितना खतरा?

पृथ्वी के इतिहास में एस्टेरॉयड और अन्य अंतरिक्षीय पिंडों की टक्कर के कई उदाहरण मिलते हैं। करीब 6.6 करोड़ साल पहले एक विशाल एस्टेरॉयड के धरती से टकराने को डायनासोर समेत उस समय मौजूद बड़ी संख्या में जीवों के विलुप्त होने का प्रमुख कारण माना जाता है। इस टक्कर से मेक्सिको के युकाटन प्रायद्वीप के पास करीब 180 किलोमीटर चौड़ा चिक्सुलूब क्रेटर बना था।

इसी तरह 1908 में रूस के साइबेरिया के टुंगुस्का इलाके में एक अंतरिक्षीय पिंड वायुमंडल में विस्फोट के साथ नष्ट हो गया था। इस घटना से पैदा हुई शॉकवेव ने सैकड़ों वर्ग किलोमीटर के जंगल को गिरा दिया था। हालांकि, वहां जमीन पर कोई बड़ा इम्पैक्ट क्रेटर नहीं मिला। एस्टेरॉयड के टकराने से होने वाला नुकसान उसके आकार, गति, संरचना और टक्कर के स्थान पर निर्भर करता है। छोटे पिंड वायुमंडल में ही जलकर या विस्फोट के साथ टूट सकते हैं, जबकि बड़े पिंड जमीन तक पहुंचकर व्यापक तबाही मचा सकते हैं। समुद्र में टक्कर होने पर सुनामी जैसी परिस्थितियां भी पैदा हो सकती हैं।

NASA का DART मिशन क्या था?

वैज्ञानिक केवल एस्टेरॉयड की खोज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह भी समझने की कोशिश कर रहे हैं कि अगर कोई खतरनाक पिंड पृथ्वी की ओर बढ़े तो उसका रास्ता कैसे बदला जा सकता है।इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए NASA ने DART मिशन शुरू किया। DART का पूरा नाम Double Asteroid Redirection Test है। यह दुनिया का पहला ऐसा मिशन था, जिसका मुख्य उद्देश्य किसी एस्टेरॉयड की गति और कक्षा को बदलने की तकनीक का वास्तविक अंतरिक्ष में परीक्षण करना था। NASA ने 24 नवंबर 2021 को स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट की मदद से DART अंतरिक्ष यान लॉन्च किया था। करीब 10 महीने की यात्रा के बाद 26 सितंबर 2022 को इसने अपने लक्ष्य एस्टेरॉयड Dimorphos से टक्कर की। लेकिन NASA ने इसके लिए किसी अकेले एस्टेरॉयड को नहीं चुना था। उसने Didymos नाम के एक बड़े एस्टेरॉयड और उसके चारों ओर चक्कर लगाने वाले छोटे पिंड Dimorphos को निशाना बनाया। Dimorphos अपने बड़े साथी Didymos की परिक्रमा करता है। NASA ने इसी छोटे पिंड को निशाना बनाया, ताकि टक्कर के बाद उसकी कक्षा में आए बदलाव को मापा जा सके।

DART को कितनी सफलता मिली?

DART मिशन के तहत करीब 580 किलोग्राम वजनी अंतरिक्ष यान लगभग 6.1 किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से Dimorphos से टकराया। यह एक हाई-स्पीड टक्कर थी, जिससे एस्टेरॉयड की सतह से बड़ी मात्रा में चट्टानी मलबा अंतरिक्ष में फैल गया। इस टक्कर के बाद सबसे महत्वपूर्ण बदलाव Dimorphos की कक्षा में देखने को मिला। टक्कर से पहले Dimorphos को Didymos का एक चक्कर पूरा करने में 11 घंटे 55 मिनट लगते थे। टक्कर के बाद यह समय घटकर करीब 11 घंटे 22 मिनट रह गया। यानी इसकी परिक्रमा अवधि में करीब 33 मिनट की कमी आई। इस प्रयोग ने एक महत्वपूर्ण बात साबित की। किसी एस्टेरॉयड से अंतरिक्ष यान को टकराकर उसकी गति और कक्षा में बदलाव किया जा सकता है।

नासा के डार्ट मिशन ने कैसे किया काम (फोटो- NASA)

नासा के डार्ट मिशन ने कैसे किया काम (फोटो- NASA)

अब यूरोप का Hera मिशन क्या जांचने पहुंचा है?

NASA के DART मिशन ने यह तो दिखा दिया कि एस्टेरॉयड से टकराकर उसकी कक्षा बदली जा सकती है, लेकिन वैज्ञानिकों के सामने अब भी कई सवाल थे। मसलन, टक्कर के बाद एस्टेरॉयड की सतह पर क्या बदलाव आया? उसकी आंतरिक संरचना कैसी है? टक्कर से निकले मलबे ने कितनी अतिरिक्त ताकत पैदा की? और क्या भविष्य में किसी दूसरे एस्टेरॉयड पर भी इसी तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है? इन्हीं सवालों के जवाब तलाशने के लिए यूरोपियन स्पेस एजेंसी ने Hera मिशन भेजा। Hera को 7 अक्टूबर 2024 को लॉन्च किया गया था। यह एक कार के आकार का अंतरिक्ष यान है, जिसका वजन लगभग 1,128 किलोग्राम है। इसमें 25 वैज्ञानिक उपकरण और दो छोटे CubeSats शामिल हैं। इनका उद्देश्य Didymos और Dimorphos का अध्ययन करना और विशेष रूप से DART की टक्कर के बाद बने हालात को समझना है।

ESA के ताजा अपडेट के मुताबिक, Hera अपने लक्ष्य एस्टेरॉयड सिस्टम Didymos और Dimorphos के पास पहुंच चुका है। यह दोनों से करीब 25-30 किलोमीटर की दूरी पर रहकर शुरुआती अध्ययन कर रहा है। इस चरण को Early Characterisation Phase कहा गया है। ESA के वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस चरण में दोनों पिंडों की बनावट, आकार, द्रव्यमान और उनकी गति से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद दिसंबर 2026 में Hera और करीब जाकर विस्तृत अध्ययन शुरू करेगा।

ESA का Hera मिशन (फोटो- ESA)

ESA का Hera मिशन (फोटो- ESA)

क्या NASA और ESA के ये मिशन धरती को बचा सकते हैं?

DART और Hera मिशन ने अंतरिक्ष से आने वाले खतरों से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक आधार तैयार किया है। DART ने दिखाया कि किसी एस्टेरॉयड की गति को अंतरिक्ष यान से टक्कर कर बदलना संभव है। वहीं Hera इस प्रयोग के वास्तविक प्रभावों की जांच कर रहा है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि अब वैज्ञानिक किसी भी आकार के एस्टेरॉयड को आसानी से रोक सकते हैं। Dimorphos जैसे छोटे एस्टेरॉयड पर सफल प्रयोग को हजारों मीटर आकार के किसी दूसरे पिंड पर लागू करना अलग चुनौती होगी।

फिलहाल DART ने यह साबित कर दिया है कि इंसान अंतरिक्ष में मौजूद किसी खगोलीय पिंड की गति बदल सकता है। अब Hera की जांच यह समझने में मदद करेगी कि इस तकनीक को भविष्य में पृथ्वी की सुरक्षा के लिए कितना प्रभावी बनाया जा सकता है।

End of Article