नॉलेज

जब एक बाउंसर ने तोड़ा था लाखों क्रिकेट प्रेमियों का दिल और अलविदा कह गए फिलिप ह्यूज

27 November History: दुनिया के इतिहास में 27 नवंबर का दिन एक दुखद घटना के नाम पर दर्ज है। आज ही के दिन ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज फिलिप ह्यूज का सिर में बाउंसर लगने की वजह से निधन हुआ था। हालांकि, यह इस तरह की पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई खिलाड़ियों ने मैदान में अपनी जान गंवा दी।

Image

आज का इतिहास

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • फिलिप ह्यूज के सिर पर लगी थी बाउंसर।
  • 2014 में फिलिप ह्यूज का हुआ था निधन।
  • भारतीय बल्लेबाज लांबा भी गंवा चुके हैं जान।

27 November History: क्रिकेट के खेल में बल्लेबाजी और गेंदबाजी में हर दिन बनने वाले रिकार्ड की चर्चा तो बहुत होती है, लेकिन कभी कभी ऐसा कुछ हो जाता है, जो इतिहास में अलग तरह से दर्ज होता है। वर्ष 2014 में 27 नवंबर को भी एक ऐसी ही घटना हुई, जब ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज फिलिप ह्यूज का एक मैच के दौरान सिर में बाउंसर लगने से निधन हो गया।

हालांकि, यह इस तरह की पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी विभिन्न देशों के खिलाड़ी बल्लेबाजी के दौरान अथवा क्षेत्ररक्षण के दौरान गेंद लगने से अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें भारत के बल्लेबाज रमन लांबा शामिल हैं। चार टेस्ट मैच और 32 एकदिवसीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले रमन लांबा की 1998 में ढाका में एक क्लब मैच में क्षेत्ररक्षण के दौरान सिर पर गेंद लगने से मौत हो गई थी।

देश-दुनिया के इतिहास में 27 नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

1795 : एक बांग्ला नाटक का कलकत्ता के एजरा स्ट्रीट में स्टेज पर पहली बार सार्वजनिक मंचन किया गया।

1895 : स्वीडन के केमिस्ट, इंजीनियर और उद्योगपति अल्फ्रेड बर्नाड नोबेल ने अपनी वसीयत पर हस्ताक्षर किए, जिसके आधार पर नोबेल पुरस्कारों की स्थापना की गई और 1901 में पहली बार नोबेल पुरस्कार प्रदान किए गए। अल्फ्रेड नोबेल ने डायनामाइट और कई अन्य शक्तिशाली विस्फोटकों की खोज की थी।

1907 : प्रसिद्ध कवि और लेखक हरिवंश राय बच्चन का जन्म। आज की पीढ़ी उन्हें भले अमिताभ बच्चन के पिता के तौर पर जानती हो, लेकिन हिंदी साहित्य में उनका योगदान सदैव सराहा जाता रहेगा।

1975: बीबीसी के कार्यक्रम प्रस्तुतकर्ता रोस मैक्वर्स्टर की गोली मारकर हत्या। उन्हें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के सह संस्थापक के तौर पर भी जाना जाता है।

1940 : ब्रूस ली का जन्म। सान फ्रांसिस्को में जन्मे और हांगकांग में पले बढ़े ब्रूस को मार्शल आर्ट में महारत हासिल थी और उन्होंने 70 के दशक में मार्शल आर्ट पर आधारित बहुत सी फिल्मों में काम किया और इस कला का दुनियाभर में प्रसार किया।

2001 : हब्बल टेलीस्कोप ने सौर मंडल से बाहर ओसाइरस ग्रह पर हाइड्रोजन युक्त वायुमंडल की खोज की। सौरमंडल से बाहर ऐसे वायुमंडल वाला यह पहला ग्रह है।

2005 : फ्रांस में इजाबेल दिनोरे नामक महिला का दुनिया में पहली बार सफल आंशिक चेहरा प्रतिरोपण हुआ।

2008 :भारत के पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह का निधन।

2012 : यूरोजोन ने वित्तीय संकट से जूझ रहे यूनान को 43.7 अरब यूरो का ऋण देने की घोषणा की।

2014 : आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फिलिप ह्यूज की बाउंसर लगने से मौत।

2019 : भारतीय नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल सुशील कुमार का निधन।

2019 : पृथ्वी की बेहद साफ तस्वीर लेने वाले भारत के ‘कार्टोसैट-3’ उपग्रह का सफल प्रक्षेपण।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें