कानपुर में 'लव-जिहाद' का केस, 7वीं की छात्रा पर धर्म परिवर्तन का दबाव, भाई-बहन गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 16, 2020, 10:36 PM IST

Kanpur news : यूपी के कानपुर में लव जिहाद का केस सामने आया है। यहां 13 साल की एक लड़की को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन के लिए बरगलाने का मामला सामने आया है।

कानपुर में 'लव-जिहाद' का केस, 7वीं की छात्रा पर धर्म परिवर्तन का दबाव, भाई-बहन गिरफ्तार
Photo Credit: BCCL

कानपुर : उत्‍तर प्रदेश के कानपुर में कथित लव-जिहाद का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें निशाने पर सातवीं में पढ़ने वाली 13 साल की छात्रा रही। हालांकि पुलिस ने समय रहते इस मामले में कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस सिलसिले में एक युवक और उसकी बहन को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उन्‍होंने किशोरी को बरगलाने की कोशिश की और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहे थे।

मामला कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र का है, जहां 13 साल की किशोरी को एक युवक द्वारा प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन के लिए उसका ब्रेनवॉश किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लड़की के पिता का निधन हो चुका है और वह मां के साथ रहती है। आरोपी युवक कोतवाली क्षेत्र के अजीतगंज का रहने वाला है, जो मजदूरी का काम करता है। आरोप है कि वह लड़की को नमाज पढ़ने के तौर-तरीके सिखा रहा था।

लड़की को बरगला रहे थे भाई-बहन

लड़की की मां ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्‍होंने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि युवक गुरुवार को उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया। देर शाम तक जब वह नहीं लौटी तो उन्‍होंने पुलिस से संपर्क किया। शुक्रवार को पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया और आरोपी युवक तथा उसकी बहन को गिरफ्तार कर लिया। उन पर लड़की को इस्‍लामिक तौर-तरीके सिखाने के आरोप हैं।

लड़की की मां ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि एक महीने पहले घर के बगल में खाली प्‍लॉट में निर्माण कार्य चल रहा था, जहां युवक मजदूरी करने आया था। वह अक्सर ठंडा पानी लेने के लिए उनके घर आता था। उसने अपना नाम बाबू बताया था। पूछने के बाद भी उसने अपनी धार्मिक पहचान छिपाई। इसी दौरान वह उनकी बेटी के संपर्क में आया, जिसके बाद उसकी बहन भी फोन पर लड़की से बात करने लगी।

महिला का आरोप है कि भाई-बहन मिलकर उनकी बेटी का ब्रेनवॉश करते थे। उसे नमाज और कुरान की आयतें पढ़ने के साथ-साथ अन्‍य इस्‍लामिक तौर-तरीके स‍िखा रहे थे। उन्होंने आरोपी युवक और उसकी बहन पर अपनी बेटी का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश के आरोप भी लगाए। इस मामले में लड़की का बयान भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!