Narendra Modi on UPA: विपक्ष के लाए अविश्वास प्रस्ताव के खिलाफ लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपीए से लेकर इंडिया तक को बुरी तरह लपेटा। उन्होंने गुरुवार (10 अगस्त, 2023) को अपने संबोधन के दौरान संसद के निचले सदन में चुटकी लेते हुए कहा कि क्योंकि आप (विपक्षी) खुद ही एक ओर यूपीए का क्रियाकर्म कर रहे थे और दूसरी ओर जश्न भी मना रहे थे। खास बात है कि यह जश्न भी खंडहर पर नया प्लास्टर लगाने का था।
विपक्षी दलों से वह बोले लोकतांत्रिक व्यवहार के अनुसार उन्हें तभी विपक्ष से सहानुभूति व्यक्त करनी चाहिए थी, पर देरी में उनका कुसूर नहीं है। मोदी ने आगे बताया, ‘‘खुद को जिंदा रखने के लिए, इन्हें (विपक्ष) एनडीए (राजग) का ही सहारा लेना पड़ा है। आदत के मुताबिक घमंड का ‘आई’ इनको छोड़ता नहीं है। इसलिए राजग में दो घमंड के ‘आई’ पिरो दिए। पहला ‘आई’ 26 दलों का घमंड और दूसरा ‘आई’ एक परिवार का घमंड।’’
उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि एनडीए भी चुरा लिया और इंडिया के भी टुकड़े कर दिए। पीएम ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आप (विपक्ष) तैयारी करके क्यों नहीं आते... थोड़ी मेहनत कीजिए। उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने, आपको मेहनत करने के लिए पांच साल दिया, लेकिन पांच साल में भी आप लोग तैयारी नहीं कर पाए।’’
