देश

यूपी फतह की तैयारी में जदयू, 2027 विधानसभा चुनाव के लिए नीतीश कुमार ने बनाया मास्टर प्लान

UP Vidhan Sabha Chunav 2027: बिहार में सत्ताधारी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रमुख सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

Image

2027 यूपी चुनाव पर JDU की नजर (फाइल फोटो)

Photo : PTI

UP Vidhan Sabha Chunav 2027: पड़ोसी राज्य बिहार में सत्ता संभाल रही और केंद्र में एनडीए (NDA) की मजबूत साथी जनता दल-यूनाइटेड (JDU) अब उत्तर प्रदेश की सियासत में अपनी जमीन मजबूत करने में जुट गई है। साल 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जेडीयू ने अभी से एक बड़ा सांगठनिक खाका तैयार कर लिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और बिहार सरकार के मंत्रियों (Bihar Ministers UP Tour) को अब यूपी के अलग-अलग इलाकों का दौरा करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि जमीनी स्तर पर संगठन को धार दी जा सके।

शनिवार को लखनऊ में जेडीयू की उत्तर प्रदेश इकाई की प्रदेश कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने की। बैठक में खास तौर पर बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री और जेडीयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार भी शामिल हुए। इस बैठक में तय हुआ कि पार्टी उत्तर प्रदेश में केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर उतरकर काम करेगी।

मंडल से लेकर विधानसभा स्तर तक होंगे सम्मेलन

बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने बताया कि पार्टी बहुत जल्द ही उत्तर प्रदेश के सभी मंडलों, जिलों और विधानसभा क्षेत्रों के स्तर पर बड़े सम्मेलनों का आयोजन करने जा रही है। इन स्थानीय सम्मेलनों के बाद एक विशाल प्रदेश स्तरीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा मुख्य रूप से शामिल होंगे। 2027 के चुनाव से पहले बिहार के कई बड़े नेता और मंत्री उत्तर प्रदेश में गांव-गांव जाकर लोगों से सीधा संपर्क साधेंगे।

उम्मीदवारों की खोज शुरू, नीतीश मॉडल पर रहेगा जोर

जेडीयू ने अभी से चुनाव लड़ने के इच्छुक संभावित उम्मीदवारों की पहचान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इसके लिए सभी जिला इकाइयों और प्रदेश पदाधिकारियों से योग्य चेहरों के नाम मांगे जाएंगे। हालांकि, जेडीयू यूपी की कितनी और किन सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसका अंतिम फैसला सांगठनिक समीक्षा पूरी होने के बाद ही लिया जाएगा।

बैठक के दौरान बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के नेतृत्व में हुए ग्रामीण विकास और महिला सशक्तीकरण के कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे नीतीश सरकार के इसी विकास एजेंडे और जनकल्याणकारी योजनाओं को उत्तर प्रदेश की जनता के बीच लेकर जाएं ताकि लोगों का भरोसा जीता जा सके।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article