PM Modi in Odisha: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा में 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की संयुक्त रूप से शुरुआत की। इस दौरान, पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू को जन्मदिन की बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मैं उनके दीर्घायु होने और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं। जगन्नाथ जी भगवान के श्रीचरणों में प्रार्थना करता हूं। ओडिशा की बेटी आज देश के इतने बड़े पद पर पहुंची हैं और हमारा मार्गदर्शन कर रही हैं। यह हम सभी के लिए बहुत गौरव की बात है।
PM मोदी ने क्या कुछ कहा?
पीएम मोदी ने कहा कि हमारा ओडिशा इन दिनों उत्सवों के आनंद में डूबा हुआ है। पिछले हफ़्ते ही यहां गण पर्दा त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया गया। भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की तैयारियां भी ज़ोरों पर हैं। मयूरभंज में भी बारीपदा रथ यात्रा को लेकर उत्साह का माहौल है और इन सबके बीच, लोकतंत्र और विकास का त्योहार भी चल रहा है। ओडिशा की भाजपा सरकार ने अपने दो साल भी पूरे किए हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'अब कोई गुट नहीं बचा, सिर्फ एक ही शिवसेना...', अमित शाह ने उद्धव ठाकरे पर किया परोक्ष हमला; तो शिंदे बजाने लगे ताली
पहाड़पुर सूर्यग्राम की बनेगा पहचान
पीएम मोदी ने बताया कि पहाड़पुर गांव को अब तेजी से सूर्यग्राम सोलर विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। जिसका मतलब है कि यहां हर घर में सोलर बिजली मिले, यह सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ''ओडिशा में सूर्य मंदिर की एक पहचान है। वैसे ही पहाड़पुर सूर्यग्राम की एक पहचान बन जाएगा। यह पूरा गांव सोलर विलेज के रूप में पहचाना जाए। इस दिशा में काम तत्काल शुरू हो, मेरी ऐसी कोशिश रहेगी। इस अभियान से पहाड़पुर के लोगों को मुफ्त सोलर बिजली भी मिलेगी और जो ज्यादा बिजली होगी, वो उनकी आय भी बढ़ाएगी।''
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का विजन है- पूर्वी भारत के विकास से भारत का विकास। इसलिए हम पूर्वोदय की नीति पर काम कर रहे हैं, जिस पूर्वी भारत को कांग्रेस के दौर में पिछड़ेपन का पर्याय बना दिया गया था, आज वो प्रगति का प्रवेश द्वार बन रहा है। आज ओडिशा खुद इस बदलाव का साक्षी बन रहा है। उन्होंने कहा कि ओडिशा के पास समुद्र, खनिज संप्रदा, कृषि की क्षमता और युवा प्रतिक्षा है। इस सामर्थ्य का पूरा उपयोग करने के लिए हम मिलकर काम कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ओडिशा के संसाधनों को ओडिशा की संभावनाओं में बदल रही है। ओडिशा में बड़ा निवेश आए और नए उद्योग लगे। इसके लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके तहत अबतक करीब 20 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिल चुके हैं। 3.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की अनेक मेगा परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के लिए ओडिशा के समग्र विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। पॉवर सेक्टर में 6,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश हो रहा है।
