देश

राष्ट्रपति, उप-राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने देशवासियों को दी नए साल की बधाई, प्रधानमंत्री मोदी के खास संदेश का अर्थ जानिए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मविश्वास से भरे भारत के मूड को दर्शाते हुए देशवासियों को नए साल 2026 की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज में शांति व खुशहाली बनी रहे, यही कामना है।

modi wishesh

PM Modi ने दी नए साल की बधाई (pti)

PM Modi Greets Nation on New Year 2026: नए साल 2026 का आगाज हो चुका है। नए साल के स्वागत के बाद लोग एक दूसरे को बधाइयां दे रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू, प्रधानमंत्री मोदी और उप-राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने देशवासियों को नए साल की बधाई दी है। पीएम नरेंद्र मोदी ने आत्मविश्वास से भरे भारत के मूड को दर्शाते हुए एक्स पर एक पोस्ट में देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा,"सभी को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं। आने वाला साल आपके जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और सफलता लेकर आए। आपके हर प्रयास में उन्नति हो और समाज में शांति व खुशहाली बनी रहे, यही कामना है।"

पीएम मोदी ने लिखा- 2026 की आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। कामना करते हैं कि यह वर्ष हर किसी के लिए नई आशाएं, नए संकल्प और एक नया आत्मविश्वास लेकर आए। सभी को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दे।

ज्ञानं विरक्तिरैश्वर्यं शौर्यं तेजो बलं स्मृतिः।

स्वातन्त्र्यं कौशलं कान्तिर्धैर्यं मार्दवमेव च ॥

पीएम मोदी के लिखे इस खास संदेश का अर्थ है- ज्ञान, वैराग्य, धन, शौर्य, शक्ति, बल, स्मृति तथा स्वतंत्रता, कौशल, दीप्ति, धैर्य एवं कोमलता से युक्त होना ही जीवन का लक्ष्य होना चाहिए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देशवासियों को दी शुभकामनाएं

वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को नव वर्ष के अवसर पर देश भर के नागरिकों और विदेश में रहने वाले भारतीयों को शुभकामनाएं दीं और इसे नई ऊर्जा, सकारात्मक बदलाव और राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का समय बताया। एक्स पर साझा किए गए एक पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि नव वर्ष नई शुरुआत का प्रतीक है और आत्मचिंतन और नए संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रीय विकास, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करने का आग्रह किया।

उन्होंने X पर एक संदेश पोस्ट किया- नव वर्ष के शुभ अवसर पर, मैं देश और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं। नव वर्ष नई ऊर्जा और सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक है। यह आत्मनिरीक्षण और नए संकल्पों का भी अवसर है। इस नव वर्ष में, आइए हम राष्ट्रीय विकास, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करें। आशा है कि वर्ष 2026 आप सभी के लिए शांति, सुख और समृद्धि लेकर आएगा और एक मजबूत और उज्ज्वल भारत के निर्माण के हमारे संकल्प को और भी बल देगा।

उपराष्ट्रपति ने भी शुभकामनाएं दीं

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने बृहस्पतिवार को लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वर्ष 2026 भारत को और मजबूत राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूती देगा। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कामना की कि आने वाला वर्ष सभी के लिए शांति, उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने कामना की कि यह वर्ष एक मजबूत और विकसित भारत के निर्माण के लोगों के सामूहिक संकल्प को सशक्त करे।

यूपी सीएम योगी ने जताया आभार

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट पर लिखा, "आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के यशस्वी मार्गदर्शन में 'नया उत्तर प्रदेश' 'विकसित भारत' की विकास यात्रा में सहभागी बनकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहा है।"

उन्होंने आगे लिखा कि प्रदेश में संचालित विकास एवं जन-कल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश वासियों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। गरीब, किसान, युवा, मातृशक्ति के साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी रूप से पहुंच रहा है।

वहीं, उन्होंने आगे लिखा कि पूर्ण विश्वास है कि ईसवी सन्-2026 में डबल इंजन सरकार की विकासपरक नीतियों से उत्तर प्रदेश समृद्धि, सुशासन और सर्वांगीण प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!