Maharashtra Farmers: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने राज्य के किसानों के हित में बड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। फड़णवीस ने कहा है कि उनकी सरकार 30 जून 2026 तक राज्य में किसानों का ऋण माफ करेगी। यह ऋण माफी सरकार द्वारा कठित कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर होगी। कमेटी यह रिपोर्ट सरकार को सौंपने वाली है। सीएम ने कहा कि चुनाव के समय उनकी पार्टी ने महाराष्ट्र के किसानों से कर्ज माफी का वादा किया था और उसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
कृषि ऋण माफी के लिए प्रदर्शन कर रहे कडू
बता दें कि प्रहार जनशक्ति पार्टी के नेता कडू कृषि ऋण माफी के लिए बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। उनका ट्रैक्टर मार्च सोमवार को यहां चंदूर बाजार से शुरू हुआ था और मंगलवार शाम नागपुर पहुंचने से पहले वर्धा में रुका। फडणवीस ने कहा, ‘दोनों उपमुख्यमंत्री (एकनाथ शिंदे और अजित पवार) बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा, 'मैंने सभी से आग्रह किया है कि कोई अड़ियल रुख न अपनाएं। हमें किसानों के हित में काम करना चाहिए। राज्य सरकार किसानों के साथ है और हम आज की बैठक में उनके लिए बेहतर समाधान खोजने का प्रयास करेंगे।’
'मुझे उम्मीद है अच्छा निर्णय होगा'
फडणवीस ने कडू और किसान आंदोलन के अन्य नेताओं से कहा था कि वे अपनी मांगों पर चर्चा के लिए मुंबई आएं, न कि विरोध प्रदर्शन करें। एक क्षेत्रीय समाचार चैनल से बात करते हुए कडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अन्य किसान नेताओं के साथ शाम सात बजे मुंबई में मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात करेंगे। कडू ने कहा, ‘महत्वपूर्ण मुद्दा गरीब किसानों की पूर्ण ऋण माफी का है। मुझे उम्मीद है कि आज एक अच्छा निर्णय सामने आएगा।’
बंघक संकट पर भी बोले सीएम
पवई में बंधक बनाए गए 17 बच्चों को छुड़ाए जाने की घटना पर मुख्यमंत्री ने 'सटीक अभियान' चलाने के लिए मुंबई पुलिस की तारीफ की। बंधक बनाने वाले रोहित आर्य की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि संघर्ष के दौरान आर्या गंभीर रूप से घायल हो गया था।
