देश

UP Election: कांग्रेस को चाहिए 120 सीटें! आज की मीटिंग में अखिलेश ने कर दिया बड़ा बदलाव, कल 15 मिनट में खत्म हो गई थी बैठक

Samajwadi Party and Congress Alliance: यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने समाजवादी पार्टी के समक्ष 115 से 120 विधानसभा सीटों की मांग रखने की तैयारी की है।

Image

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा नेता अखिलेश यादव (फोटो- PTI)

Samajwadi Party and Congress Alliance: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर हलचल तेज हो गई है। कल कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के घर सिर्फ 15 मिनट की एक बैठक हुई थी। आज होने वाली बैठक से पहले कांग्रेस ने सपा के सामने 115 से 120 विधानसभा सीटों की मांग रखने की तैयारी की है। पार्टी ने अपनी डिमांड लिस्ट को तीन कैटेगरी- A, B और C में बांटा है। हालांकि, अभी दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर अंतिम सहमति नहीं बनी है। आज एक बार फिर सीट बंटवारे को लेकर माटिंग होगी। आज मीटिंग में सपा ने बदलाव भी किया है।

कांग्रेस ने सपा को सौंपी सीटों की नई लिस्ट

सीट बंटवारे को लेकर सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में कांग्रेस की ओर से यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, सांसद इमरान मसूद और अन्य नेता शामिल हुए। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन ने हिस्सा लिया था।

बैठक में कांग्रेस ने सपा को अपनी नई सीटों की सूची सौंपने जा रही है। इस सूची में करीब 115 से 120 सीटों पर दावा किया जाएगा। इससे पहले कांग्रेस ने 181 विधानसभा सीटों की सूची सपा को दी थी। उस सूची में 135 सामान्य, 45 अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट शामिल थी। अब कांग्रेस ने अपनी मांग में करीब 70 से 80 सीटों की कटौती की है।

तीन कैटेगरी में बांटी गईं सीटें

कांग्रेस ने अपनी नई सूची को A, B और C तीन कैटेगरी में बांटा है। A कैटेगरी में करीब 70 से 75 सीटें रखी गई हैं। इन सीटों पर कांग्रेस अपनी मजबूत दावेदारी मान रही है। पार्टी का तर्क है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में इनमें से करीब 40 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी, जबकि लगभग 35 सीटों पर वह दूसरे नंबर पर रही थी।

इसके अलावा B और C कैटेगरी की करीब 60 सीटों को लेकर कांग्रेस नरम रुख अपनायेगी। इन सीटों पर दोनों दल बातचीत के जरिए सहमति बनाने की कोशिश करेंगे।

कांग्रेस ने यह भी साफ किया है कि जिन विधानसभा सीटों पर फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक हैं, वहां वह अपनी दावेदारी को लेकर जोर नहीं देगी। लेकिन बाकी सीटों पर पार्टी का मानना है कि उसकी जीत की संभावना बेहतर है और इन सीटों पर उसे मौका मिलना चाहिए।

आज की मीटिंग में सपा का बदलाव

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए बनाई गई कमेटी में बदलाव किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी की ओर से अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद को कमेटी में शामिल किया जाएगा। अवधेश प्रसाद को दलित चेहरे के तौर पर जगह दी जा रही है। दरअसल, गठबंधन वार्ता के लिए गठित शुरुआती कमेटी में दलित प्रतिनिधित्व नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे थे। इसके बाद कमेटी में बदलाव कर अवधेश प्रसाद को शामिल करने का फैसला किया गया है। अब कमेटी में पांच सदस्य होंगे- प्रोफेसर रामगोपाल यादव, राजीव राय, श्यामलाल पाल, इकरा हसन, अवधेश प्रसाद

हाईप्रोफाइल पर सीटों पर होगी अंतरिम दौर में बातचीत

सीट बंटवारे में रायबरेली और अमेठी जैसी हाईप्रोफाइल सीटों पर फैसला सबसे आखिर में होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटों से कांग्रेस के सांसद हैं, जबकि इन लोकसभा क्षेत्रों के तहत आने वाली विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। ऐसे में इन सीटों पर किस दल का उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा, इसका फैसला राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव के बीच आपसी बातचीत से हो सकता है।

इसके अलावा लखनऊ और सहारनपुर लोकसभा क्षेत्रों के तहत आने वाली विधानसभा सीटों पर भी सीट बंटवारे को लेकर बातचीत अंतिम दौर में की जाएगी। इन हाईप्रोफाइल क्षेत्रों को लेकर दोनों दल फिलहाल कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते और आपसी सहमति से फैसला लेने की तैयारी है।

बैठक में क्या हुआ और कब होगी अगली चर्चा?

सोमवार को हुई पहली बैठक ज्यादा देर नहीं चली। दोनों दलों के नेताओं ने बातचीत को सकारात्मक बताया। सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि चर्चा अच्छी रही है और बातचीत आगे जारी रहेगी। उन्होंने संकेत दिया कि अगर कोई जटिल मुद्दा नहीं है तो सहमति बनाने में ज्यादा समय नहीं लगना चाहिए। कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा ने भी कहा कि सीटों का फैसला करते समय सबसे ज्यादा प्राथमिकता इस बात को दी जाएगी कि किस विधानसभा क्षेत्र में किस दल के उम्मीदवार की जीत की संभावना ज्यादा है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का लक्ष्य गठबंधन को मजबूत करना और 2027 में बीजेपी को हराकर सरकार बनाना है।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!