देश

Tamil Nadu: दीपथून विवाद गहराया, थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी क्षेत्र छावनी में तब्दील, 5600 से अधिक जवान तैनात

मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने 23 नवंबर की रात 9 बजे से 25 नवंबर की सुबह 10 बजे तक के लिए निषेधाज्ञा लागू की है। इसके तहत सार्वजनिक समारोहों, रैलियों और तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर अनधिकृत रूप से चढ़ने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

Image

तमिलनाडु में दीपथूम विवाद गहराया

Photo : PTI

Tamil Nadu Deepathoon Row: तमिलनाडु में तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून (पत्थर के स्तंभ) पर पारंपरिक दीप जलाने के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश को लागू करने को लेकर जारी गतिरोध के बीच, मदुरै जिला प्रशासन ने सोमवार रात से पूरे क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इस कदम के साथ ही पूरा पहाड़ी क्षेत्र अभूतपूर्व सुरक्षा घेरे में आ गया है। किसी भी तरह के सुरक्षा उल्लंघन को रोकने के लिए पुलिस ने पहाड़ की चोटी पर स्थित दीपथून की बैरिकेडिंग कर दी है और वहां भारी सुरक्षा बल तैनात किया है। इस बीच, आज (मंगलवार) तिरुप्परनकुंड्रम में आयोजित होने वाले 'दीपम उत्सव' में शामिल होने की योजना बना रहे भाजपा और हिंदू मुन्नानी के कुछ सदस्यों को नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया गया है।

निषेधाज्ञा और ड्रोन पर सख्त पाबंदी

मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने 23 नवंबर की रात 9 बजे से 25 नवंबर की सुबह 10 बजे तक के लिए निषेधाज्ञा लागू की है। इसके तहत सार्वजनिक समारोहों, रैलियों और तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर अनधिकृत रूप से चढ़ने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। हालांकि, पारंपरिक पूजा-अर्चना, मंदिर के नियमित अनुष्ठान, दरगाह तक वैध आवाजाही और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन से जुड़ी गतिविधियों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है।

मदुरै शहर के पुलिस आयुक्त एस. राजेंद्रन ने ड्रोन नियम, 2016 के नियम 24 के तहत तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी और आसपास के इलाकों को दो दिनों (23-24 नवंबर) के लिए अस्थायी 'रेड जोन' घोषित किया है। इस दौरान पहाड़ी की चोटी, गिरिवलम पथ, प्रवेश द्वार से 16-पिलर मंडपम तक के मार्ग और तलहटी के बीच के क्षेत्रों में बिना पूर्व अनुमति के ड्रोन या यूएवी उड़ाने पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

5,600 से अधिक पुलिसकर्मी और 70 नए सीसीटीवी कैमरे

कार्तिकई दीपम उत्सव के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पहाड़ी की चोटी, दरगाह, मंदिरों, सीढ़ियों और गिरिवलम पथ पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 5,618 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें 12 आईपीएस अधिकारियों की निगरानी में दक्षिणी जिलों से बुलाए गए 12 पुलिस अधीक्षक (एसपी), 8 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), 132 पुलिस निरीक्षक और 28 वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा, निगरानी के लिए 70 से अधिक नए सीसीटीवी और फेशियल-रिकग्निशन कैमरे भी लगाए गए हैं।

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अपने अंतरिम आदेश में 24 नवंबर को सिकंदर बादशाह दरगाह के पास स्थित विवादित दीपथून स्तंभ पर केवल एक अधिकृत टीम द्वारा प्रतीकात्मक रूप से कार्तिकई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोर्ट ने पहाड़ी की चोटी पर आम जनता, जुलूस और भीड़ इकट्ठा होने पर रोक लगाई थी।

तमिलिसाई सुंदरराजन ने उठाए सवाल

प्रशासन की इस कार्रवाई पर पूर्व राज्यपाल और भाजपा नेता डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट करते हुए उन्होंने प्रशासन की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि सोमवार को वीसीके (VCK) प्रमुख थोल थिरुमावलवन और अन्य लोगों को तिरुप्परनकुंड्रम में दीप जलाने के खिलाफ प्रदर्शन करने की अनुमति कैसे दी गई, जिसे सुविधाजनक रूप से 'धार्मिक सद्भाव के लिए विरोध' का नाम दिया गया।

उन्होंने आगे कहा, लेकिन जब हिंदू नेता और भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से पारंपरिक दीप जलाने की अपील करते हैं, तो उन्हें नजरबंद कर दिया जाता है। यह किस तरह का लोकतंत्र है? क्या धार्मिक सद्भाव केवल एक ही पक्ष का विशेषाधिकार है? हिंदुओं की जायज आवाज को क्यों दबाया जा रहा है? यह तमिलनाडु में खुले तौर पर राजनीतिक दोहरे मापदंड और चुनिंदा तुष्टिकरण के अलावा और कुछ नहीं है। (PTI)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article