Exclusive: 'क्या बेहद महंगा टिकट खरीदने वाले यात्रियों को मिलेगा मुआवजा?' Times Now से क्या बोले केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Dec 10, 2025, 01:19 AM IST
टाइम्स नाउ एवं टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू के साथ खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने इंडिगो के हालिया फ्लाइट संकट पर चिंता जताते हुए मामले से जुड़े तमाम पहलुओं पर विस्तार से जवाब दिए।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने 'टाइम्स नाउ' से खास बातचीत की।
इंडिगो की उड़ानों को लेकर अभी भी स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है। मंगलवार को भी इंडिगो ने 400 से ज्यादा उड़ानों को रद्द किया। इस बीच, 'टाइम्स नाउ एवं टाइम्स नाउ नवभारत' की ग्रुप एडिटर इन चीफ 'नाविका कुमार' ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू के साथ खास बातचीत की। इस बातचीत के दौरान इंडिगो के हालिया फ्लाइट संकट पर चिंता जताते हुए इस मामले के कई पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बातचीत के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने जहां पूरी घटना की जांच कराने और कड़ी कार्रवाई की बात कही, वहीं उन्होंने यह संकेत भी दिया कि सरकार उन यात्रियों को मुआवजा देने पर भी विचार कर रही है, जिन्होंने इस सकंट के दौरान काफी महंगे टिकट खरीदे थे। इनमें दिल्ली-बेंगलुरु जैसे रूट भी शामिल हैं, जहां टिकट की कीमत 92000 रुपये तक पहुंच गई थी।
नाविका कुमार के साथ 'फ्रैंकली स्पीकिंग' में केंद्रीय मंत्री से पूछा गया कि इंडिगो की उड़ानों में व्यवधान के बीच दिल्ली-बेंगलुरु का टिकट 92,000 रुपये तक गया। टिकटों के दामों में अप्रत्याशित तरीके से बढ़ोतरी होती रही और विमानन नियामक ने कुछ नहीं किया। ऐसे में जिन लोगों ने 'काफी मंहगे' टिकट खरीदे आप उन लोगों से क्या कहेंगे?
इस पर राम मोहन नायडू ने कहा कि वह इस असुविधा के लिए खेद जताते हैं। जिन्होंने यह कठिनाई झेली, हम उनके साथ हैं। यह घटना नहीं होनी चाहिए थी। इस पर जब उनसे पूछा गया कि क्या सरकार ऐसे पीड़ितों को राहत के रूप में मुआवजा देगी? तो पहले तो उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय किसी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट रहा है। नायडू ने कहा, 'हम किसी न किसी तरह की पहल पर विचार कर रहे हैं।'
इसके बाद भी जब दिल्ली-बेंगलुरू के बीच 92000 रुपये के टिकट का जिक्र कर दोबारा सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'सरकार सक्रिय रूप से विकल्पों पर विचार कर रही है। अभी ठीक-ठीक क्या होगा, यह मैं नहीं बता सकता। लेकिन हम इस पर विचार कर रहे हैं।'
आगे जब नायडू से पूछा गया कि क्या 90,000 रुपये तक किराया चुकाने वाले भी इसमें शामिल होंगे, तो उन्होंने कहा कि हम इसे भी ध्यान में रखेंगे। नायडू ने कहा कि मंत्रालय ने किरायों में उछाल को रोकने के लिए कदम उठाए, लेकिन आदेश प्रभावी होने से पहले कुछ देरी हुई। आदेश जारी होने और उसके लागू होने के बीच थोड़ा सा अंतर रह गया था।
आगे जब नागरिक उड्डयन मंत्री से कहा गया कि दो दिन का अंतर आम आदमी के लिए थोड़ा नहीं होता, इस पर उन्होंने कहा कि सरकार मामले का विश्लेषण करेगी और पिछली अवधि को ध्यान में रखते हुए भी समीक्षा करेगी।
'मैं पीड़ितों से माफी मांगता हूं'
साक्षात्कार के दौरान नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से यह भी पूछा गया कि इस चूक के लिए क्या उन्होंने माफी मांगी?
इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, हां, मैं माफी मांग रहा हूं। मैं अपनी तरफ से माफी मांग रहा हूँ। माफी न मांगने को लेकर मेरे मन में कोई अहंकार नहीं है। एक मंत्री के तौर पर इस क्षेत्र को सुचारू रूप से चलाना मेरी जिम्मेदारी है, ताकि यह सेक्टर अच्छी तरह काम करे और लोग बिना दिक्कत देशभर में यात्रा कर सकें। जब इस तरह की घटना होती है, तो मुझ पर और अधिक जिम्मेदारी आ जाती है कि मैं हालात को सामान्य करूं, जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह बनाऊं और यह सुनिश्चित करूं कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
क्या किसी आपराधिक दायित्व की भी जांच हो रही है?
साक्षात्कार के दौरान नाविका कुमार ने पूछा कि क्या आपराधिक दायित्व (criminal liability) की भी जांच की जा रही है? इस पर नायडू ने कहा,'जो भी नियमों में है, जो भी प्रावधान हैं, यात्रियों की परेशानी को देखते हुए सब देखे जाएंगे और कार्रवाई की जाएगी।
'डीजीसीए की भी जांच होगी'
उन्होंने पुष्टि करते हुए यह भी बताया कि मामले में चल रही जांच DGCA की भी समीक्षा करेगी, क्योंकि निगरानी और स्टाफिंग से जुड़े सवाल उठे हैं। राम मोहन नायडू ने कहा, 'हम DGCA को भी जांच के दायरे में ले रहे हैं। इन सबकी गहन जांच की जाएगी, और जो भी आरोप सामने आए हैं, उनकी समीक्षा होगी और जरूरी कार्रवाई की जाएगी।' नायडू ने कहा कि सरकार का लक्ष्य परिचालन को सामान्य करना है और साथ ही जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।