देश

आश्वासन और देर रात की मुलाकात, तीन दिन की बैंक हड़ताल आखिरी वक्त में क्यों हुई रद्द?

रविवार (27 सितंबर) की देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के बीच हुई एक अहम बैठक के बाद हड़ताल टालने का फैसला लिया गया।

Image

बैंक हड़ताल रद्द करने का फैसला

Photo : PTI

Bank Strike Called Off: 28 से 30 सितंबर तक होने वाली बैंकों की तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को अंतिम समय में टाल दिया गया है। यह फैसला रविवार (27 सितंबर) की देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के बीच हुई एक अहम बैठक के बाद लिया गया। रविवार रात 9:30 बजे IBA और UFBU के प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित हुई, जिसमें यूनियनों की मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

5-डे बैंकिंग की मांग

बैंक यूनियनें लंबे समय से सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने (5-डे बैंकिंग) की मांग कर रही हैं। फिलहाल, केवल दूसरे और चौथे शनिवार को ही बैंक बंद रहते हैं। IBA के आश्वासन के बाद अब IBA और UFBU के प्रतिनिधियों को मिलाकर एक उच्च स्तरीय समिति बनाई जाएगी। यह समिति ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी शनिवारों की छुट्टी की मांग पर विचार करेगी और एक सर्वसम्मत समाधान निकालेगी।

PLI स्कीम और अन्य मांगें

बैठक में स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए 'परफॉरमेंस लिंक्ड इंसेंटिव' (PLI) योजना तथा 8 मार्च 2024 के सेटलमेंट से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा शुरू करने पर सहमति बनी है।

क्या आज (28 सितंबर) बैंक खुले रहेंगे?

हां, सभी बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। हड़ताल टल जाने के बाद सोमवार से बैंकिंग सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगी। यह हड़ताल इसलिए भी चिंता का विषय थी क्योंकि यह बैंकों के छमाही समापन के समय होने वाली थी, जिससे करोड़ों ग्राहकों के वित्तीय लेनदेन प्रभावित हो सकते थे। अब समझौता हो जाने से आम जनता और कारोबारियों को राहत मिली है।

ग्राहकों और वित्तीय सेक्टर को बड़ी राहत

यदि यह हड़ताल होती, तो लगातार कई दिनों तक देश में बैंकिंग सेवाएं ठप्प हो जातीं, क्योंकि 30 सितंबर बैंकों की छमाही क्लोजिंग का दिन होता है। हड़ताल से सरकारी राजस्व, चेक क्लीयरेंस, लोन डिस्बर्समेंट और टैक्स भुगतान जैसे महत्वपूर्ण काम अटक सकते थे।

रविवार को भी खुले थे बैंक

हड़ताल की आशंका को देखते हुए वित्त मंत्रालय और भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के निर्देश पर 27 सितंबर (रविवार) को देश के सभी सार्वजनिक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खोले गए थे ताकि जनता अपने जरूरी काम निपटा सके।

आज सभी बैंक खुले रहेंगे

एसबीआई (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ बड़ौदा समेत सभी सरकारी और ग्रामीण बैंक आज सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। चेक क्लीयरेंस, कैश डिपॉजिट/विड्रॉल और काउंटर से जुड़ी सभी सेवाएं बिना किसी रुकावट के उपलब्ध रहेंगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article