देश

कांग्रेस पर बरसे मणिशंकर अय्यर, बोले - जयराम रमेश के पोपट हैं पवन खेड़ा, मैं उन्हें अपना नेता नहीं मानता

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ झंडा बुलंद कर दिया है। उन्होंने पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह उन्हें अपना नेता नहीं मानते। यही नहीं उन्होंने पवन खेड़ा को जयराम रमेशा का पोपट भी बताया।

Image

मणिशंकर अय्यर ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ खोला मोर्चा

केरल विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस में अभी से ही खींचतान शुरू हो चुकी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर पार्टी के रुख से काफी नाराज दिख रहे हैं। इस बीच उन्होंने मीडिया से बात करते हुए, एक अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल को गुंडा (राउडी) करार दिया। उन्होंने कहा, 'आप सोच सकते हैं कि पार्टी की कैसी हालत हो गई है, केसी वेणुगोपाल जैसे राउडी की तुलना सरदार बल्लभ भाई पटेल और राहुल गांधी से हो रही है।'

इसी दौरान उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, 'मैं पवन खेड़ा को एक संदेश देना चाहता हूं। वह दिल्ली में एमए बेबी के साथ गलबहियां कर रही हैं और पिनारयी विजयन के साथ मेरे संबंधों से दुखी हैं। वह किस तरह के कांग्रेसी हैं?' मणिशंकर अय्यर यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा, पवन खेड़ा जैसे व्यक्ति को प्रवक्ता बनाने वाली पार्टी कितनी बेवकूफ हो सकती है।

मणिशंकर अय्यर ने कहा, कांग्रेस में लाखों लोग हैं, जो बेहतर प्रवक्ता हो सकते हैं। उन्होंने पवन खेड़ा को कठपुतली यानी पपेट बताते हुए कहा कि वे वही कहते हैं, जो जयराम रमेश उन्हें कहते हैं। वह उसी बात को दोहराते हैं। वह प्रवक्ता नहीं हैं, तोता हैं।

मणिशंकर अय्यर ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि ऐसी पार्टी को कौन वोट करेगा, जिसके नेता एक-दूसरे की गर्दन उड़ाने में लगे हों। उन्होंने कहा, क्या आपको लगता है कि केरल के लोगों को नहीं पता कि पार्टी नेतृत्व में क्या कुछ चल रहा है? कम से कम पिनारायी की सरकार में अनुशासन तो है। उनके पास मणिशंकर अय्यर नहीं है। मैं मणिशंकर अय्यर इसलिए हूं, क्योंकि नेहरू, गांधी के खिलाफ बागी थे। सुभाष चंद्र बोस, गांधी के खिलाफ बागी थे। इसके बावजूद गांधी ने जवाहर लाल नेहरू को देश का प्रधानमंत्री बनाया। अगर सुभाष चंद्र बोस 17 अगस्त 1945 के एयरक्रैश में जिंदा बच जाते तो मुझे यकीन है कि वह देश के राष्ट्रपति बनते।

मणिशंकर अय्यर ने कहा, वह नाराजगी से इस तरह से निपटते थे। आज की कांग्रेस नाराजगी से कैसे निपटती है? वह पवन खेड़ा जैसे किसी व्यक्ति को आधिकारिक प्रवक्ता बना देते हैं। मेरे मन में पवन खेड़ा के लिए बिल्कुल भी इज्जत नहीं है और मैं पूरी तरह से उनके खिलाफ हूं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article