देश

'अहमदाबाद विमान हादसा बहुत ही त्रासदपूर्ण है, हमने बहुत लोगों को खो दिया है', प्लेन क्रैश पर MEA का बयान

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 12, 2025, 06:38 PM IST

लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान गुरुवार को गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 242 यात्री सवार थे और हादसे में कई लोग के हताहत होने की आशंका है। पीएम ने कहा कि इस हादसे से हम स्तब्ध और दुखी हैं।

Image

अहमदाबाद में गुरुवार को एयर इंडिया का प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

Ahmadabad Plane Crash : अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एयर इंडिया विमान हादसे पर विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस त्रासद घटना पर दुख जताया है और कहा कि 'इस दुर्घटना में हमने बहुत सारे लोगों को खो दिया है। इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, हम उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। विमान में कई विदेशी नागरिक भी सवार थे। हमें नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयर इंडिया एवं अन्य एजेंसियों के जानकारियां मिलनी हैं। अभी स्थितियां बदल रही हैं। राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। इस हादसे पर कोई तथ्य पेश करने से पहले हमें थोड़ा इंतजार करने की जरूरत है।'

लंदन जा रहे AI के विमान में 242 यात्री सवार थे

बता दें कि लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान गुरुवार को गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 242 यात्री सवार थे और हादसे में कई लोग के हताहत होने की आशंका है।

विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश और अन्य देशों के लोग

इस हादसे पर ब्रिटिश प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने अपना गहरा शोक व्यक्त किया है। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे। स्टॉर्मर ने एक बयान में कहा, ‘कई ब्रिटिश नागरिकों को लेकर लंदन आ रहे विमान के भारतीय शहर अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त होने का दृश्य भयावह है। मुझे पल-पल की जानकारी दी जा रही है तथा इस अत्यंत दुखद समय में मेरी संवेदनाएं यात्रियों और उनके परिवारों के साथ हैं। भारत के अहमदाबाद में हुए विनाशकारी विमान हादसे की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं। ब्रिटेन भारत में स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर तथ्यों का तत्काल पता लगाने और सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहा है।’

विमान ने 1:39 बजे रनवे 23 से उड़ान भरी

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक बयान के अनुसार, ‘विमान ने अहमदाबाद से अपराह्न 1:39 बजे रनवे 23 से उड़ान भरी। इसने एटीसी (हवाई यातायात नियंत्रण) को ‘मेडे’ (आपातकालीन संदेश देने के लिए) कॉल किया, लेकिन उसके बाद एटीसी द्वारा की गई कॉल का विमान से कोई जवाब नहीं मिला।’ दुर्घटनास्थल के वीडियो में झुलसे हुए शवों को बाहर निकाले जाते तथा घायलों को, जिनमें से कई झुलसे हुए थे, नजदीक स्थित शहर के सिविल अस्पताल में ले जाते देखा जा सकता है। दुर्घटना में मारे गए या घायल हुए लोगों का कोई आधिकारिक अनुमान नहीं लगाया जा सका है। यह 2020 के बाद से भारत की दूसरी सबसे बड़ी विमान दुर्घटना है, जब एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान केरल के कोझीकोड में उतरते समय गीले रनवे से फिसल गया और उसके दो टुकड़े हो गये थे। विमान में सवार 190 लोगों में से दो पायलट सहित 21 लोगों की जान चली गई थी।

विमान कई मंजिला इमारतों से टकराया

विमानन सूत्रों ने बताया कि विमान जमीन पर गिरने से पहले महज 600 से 800 फुट ऊपर चढ़ा था। प्रत्यक्षदर्शी हरेश शाह ने बताया, ‘विमान बहुत नीचे उड़ रहा था और यह सिविल अस्पताल और बीजे मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के आवासीय क्वार्टर से टकरा गया।’ उन्होंने कहा, ‘वहां कई पांच मंजिला इमारतें हैं, जो चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के आवासीय क्वार्टर हैं। उन अपार्टमेंट में रहने वाले कई लोग घायल हुए हैं, क्योंकि विमान के साथ-साथ इमारतों में भी आग लग गई।’ एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि परिसर में मौजूद कई कारें और वाहन भी आग की चपेट में आ गए।

पीएम ने गुजरात के सीएम, गृह मंत्री से की बात

नागरिक उड्डयन मंत्री के कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि मोदी ने व्यक्तिगत रूप से नायडू से बात की और विमान दुर्घटना की जानकारी ली।

कार्यालय के मुताबिक, ‘मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वह जमीनी स्तर पर बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं।’

एक अधिकारी ने बताया, ‘प्रधानमंत्री ने मंत्री को तत्काल सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है तथा स्थिति के बारे में नियमित रूप से जानकारी देने को कहा है।’वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति का आकलन करने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बातचीत की है। एअर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि दुर्घटना स्थल पर आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों की सहायता के लिए एयरलाइन हर संभव प्रयास कर रही है और इस हादसे में प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेगी।

हादसे पर राष्ट्रपति ने दुख जताया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना को हृदय विदारक आपदा बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्र इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है। राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किये एक पोस्ट में कहा कि वह इस दुखद विमान दुर्घटना के बारे में जानकर बहुत व्यथित हैं। उन्होंने कहा, ‘यह हृदय विदारक आपदा है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। राष्ट्र इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।’

Plane crash

Plane crash

पीएम ने कहा-हम स्तब्ध और दुखी हैं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस विमान दुर्घटना को हृदय विदारक बताया और कहा कि इससे ‘हम स्तब्ध और दुखी हैं।’उन्होंने कहा कि वह प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे मंत्रियों और अन्य अधिकारियों के संपर्क में हैं। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘अहमदाबाद में हुई त्रासदी से हम स्तब्ध और दुखी हैं। यह हृदय विदारक है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।’ उन्होंने कहा, ‘दुख की इस घड़ी में, मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।’

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!