शहर

दिवाली से पहले सीतापुर में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, 5 की मौत और 7 घायल

Sitapur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में चार महिलाओं और 10 साल की बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी लोग हरदोई में मुंडन संस्कार कार्यक्रम से लौट रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

Image

सीतापुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी; 10 साल की बच्ची समेत 5 की मौत। istock

Sitapur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिसके कारण चार महिलाओं और 10 वर्षीय बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हादसा पिहानी मार्ग पर कोल्हाघाट पुल के पास हुआ। धनतेरस से ठीक पहले हुई इस घटना से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।

मुंडन संस्कार कार्यक्रम से घर लौट रहे थे सभी

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सभी पीड़ित पिसावां थाना क्षेत्र के बरीगावां गांव के निवासी थे। वे पड़ोसी जिले हरदोई के रायपुर मठिया में एक बच्चे के मुंडन संस्कार में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गए लोग

महोली के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) नागेंद्र चौबे ने बताया कि हिम्मतनगर के कोल्हाघाट पुल के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए। पुलिस के अनुसार, मृतकों में बरीगांवा निवासी काजल (10), सुशीला (50), रूबी (22) और सुनीता (40) शामिल हैं। पांचवें मृतक की पहचान 58 वर्षीय महिला के रूप में हुई है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।

सात लोगों का इलाज जारी

सीओ चौबे ने बताया कि स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत वाले मरीजों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद मौके से फरार हुए ट्रक चालक की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों से तत्‍काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने घायलों को 50-50 हजार रुपये और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये आर्थिक मदद की घोषणा की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article