शहर

दिवाली-छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, गुजरात से चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानिए पूरा टाइम टेबल

Sabarmati Muzaffarpur Special Train: ट्रेन नंबर 09473 साबरमती-मुजफ्फरपुर अनारक्षित स्पेशल 7 और 14 नवंबर 2026 (शनिवार) को साबरमती से शाम 7 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सोमवार सुबह 4:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 09474 मुजफ्फरपुर-साबरमती अनारक्षित स्पेशल 9 और 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को सुबह 7:30 बजे मुजफ्फरपुर से रवाना होगी।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- PTI)

Sabarmati Muzaffarpur Special Train: दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने साबरमती और मुजफ्फरपुर के बीच अनारक्षित साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन विशेष किराये पर संचालित होगी और इसके कुल चार फेरे होंगे। त्योहारों के सीजन में गुजरात से बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हो जाती है, जिसके चलते रेलवे की ओर से यह विशेष व्यवस्था की गई है।

साबरमती से मुजफ्फरपुर चलेगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 09473 साबरमती-मुजफ्फरपुर अनारक्षित स्पेशल 7 और 14 नवंबर 2026 (शनिवार) को साबरमती से शाम 7 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सोमवार सुबह 4:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। इस तरह साबरमती से मुजफ्फरपुर तक की यात्रा में यात्रियों को करीब दो रात का सफर तय करना होगा। वापसी में ट्रेन नंबर 09474 मुजफ्फरपुर-साबरमती अनारक्षित स्पेशल 9 और 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को सुबह 7:30 बजे मुजफ्फरपुर से रवाना होगी। यह मंगलवार शाम 5 बजे साबरमती पहुंचेगी। त्योहार मनाकर वापस लौटने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन काफी सुविधाजनक रहेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

दोनों दिशाओं में ट्रेन कलोल, मेहसाणा, पालनपुर, आबू रोड, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर, फुलेरा, जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, अछनेरा, ईदगाह आगरा, टूंडला, कानपुर सेंट्रल, सूबेदारगंज, ज्ञानपुर रोड, बनारस, वाराणसी, औंड़िहार, बलिया, सुरेमनपुर, छपरा, सोनपुर और हाजीपुर स्टेशनों पर रुकेगी। रेलवे ने बताया कि इन सभी स्टेशनों पर ठहराव होने से गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। जयपुर, कानपुर, बनारस और छपरा जैसे बड़े स्टेशनों पर रुकने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- दिवाली से पहले दिल्ली-NCR में हवा हुई और जहरीली

विशेष किराये पर चलेगी ट्रेन

यह ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित होगी और विशेष किराये पर चलेगी। यानी इस ट्रेन में सफर करने के लिए यात्रियों को पहले से रिजर्वेशन कराने की जरूरत नहीं होगी। यात्री सामान्य अनारक्षित टिकट लेकर इस ट्रेन में यात्रा कर सकेंगे। दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने की योजना बना रहे यात्रियों के लिए यह स्पेशल ट्रेन बड़ी राहत लेकर आई है। यात्री ट्रेन के ठहराव, समय और अन्य जानकारी के लिए रेलवे की वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article