वैलेंटाइन डे पर "काउ हग डे" (गाय को गले लगाने वाले दिवस) मनाने के मसले पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) चीफ ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को घेरा है। उन्होंने दो टूक सवाल दागा है कि अगर गाय किसी व्यक्ति को मार देगी, तब क्या होगा...क्या बीजेपी तब उसकी भरपाई करेगी और मुआवजा देगी?
सोमवार (13 फरवरी, 2023) को ये बातें उन्होंने बंगाल विधानसभा में कहीं। उन्होंने इसके साथ ही बीजेपी को साल 2024 के आम चुनाव में हराने की बात को भी दोहराया। कहा- देश को अराजकता को खत्म करने के लिए जनता की सरकार को लाना चाहिए।
यही नहीं, अपने सूबे में हिंसा और भ्रष्टाचार पर बीजेपी चीफ जेपी नड्डा की ताजा टिप्पणी के स्पष्ट संदर्भ में सीएम ने विस में कहा कि उनके राज्य में देश के अन्य हिस्सों की तुलना में कानून और व्यवस्था की स्थिति बेहतर है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने राज्य के सीमावर्ती इलाकों में 'आतंक फैलाया' है। बकौल मुख्यमंत्री, “सीमावर्ती इलाकों में बेगुनाह लोगों को मारा जा रहा है। केंद्र इन हत्याओं की जांच के लिए तथ्यान्वेषी दलों को भेजने की जहमत नहीं उठाता।”
दरअसल, 14 फरवरी को हर साल वैलेंटाइन डे मनाया जाता है। पर इस बार एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया ने एक नोटिफिकेशन जारी किया था, जिसमें 14 तारीख को काउ हग डे मनाने की अपील की गई थी। हालांकि, विपक्ष की ओर से उस नोटिस की कड़ी आलोचना की गई थी। भरसक विरोध के बाद उस अधिसूचना को वापस ले लिया गया था।
पुराने नोटिफिकेशन में कहा गया था, "हम सभी को पता है कि भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गाय रीढ़ की हड्डी की तरह है। वह हमारे जीवन को आगे बढ़ाने में मदद करती है। साथ ही वह जैवविविधता का भी प्रतिनिधित्व करती है। चूंकि, उसकी प्रकृति मां जैसी है लिहाजा उसे "कामधेनु" और "गोमाता" के रूप में भी जाना जाता है।
