West Bengal Rajya Sabha Bypolls: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव को लेकर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। पार्टी ने सुखेंदु शेखर रॉय, प्रकाश चिक बराइक और सुष्मिता देव को उम्मीदवार बनाया।
भाजपा ने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट से लिस्ट जारी करते हुए कहा, ''पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 2026 में पश्चिम बंगाल में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामों को मंजूरी दे दी है।''
भाजपा में शामिल होते ही मिला बड़ा तोहफा
सुखेंदु शेखर रॉय, प्रकाश चिक बराइक और सुष्मिता देव तीनों ने ही कुछ वक्त पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) को अलविदा कहते हुए गुरुवार को भाजपा का दामन थामा। इसके बाद, पार्टी आलाकमान ने तीनों पर भरोसा जताते हुए उन्हें राज्यसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया।
तीनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने को विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को भाजपा में शामिल करने के मुद्दे पर पार्टी के रुख में उल्लेखनीय बदलाव के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि, पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने इसे नीतिगत बदलाव नहीं, बल्कि 'असाधारण परिस्थितियों में लिया गया फैसला' बताया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: TMC के पूर्व राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर ने थामा भाजपा का दामन; सुष्मिता देव और प्रकाश चिक भी हुए शामिल
उन्होंने कहा, ''हमने कहा था कि तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के लिए हमारे दरवाजे बंद हैं और हम आज भी अपने उस रुख पर कायम हैं, लेकिन जिन लोगों ने भ्रष्टाचार नहीं किया, जनता पर अत्याचार नहीं किए, नौकरियां नहीं बेचीं और लोगों के अधिकार नहीं छीने, उनका तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ हमारी लड़ाई में शामिल होने के लिए हमेशा स्वागत है।''
वर्ष 2021 में कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुईं सुष्मिता देव ने इस अवसर पर अपनी पूर्व पार्टी पर भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद ही मुझे एहसास हुआ कि भ्रष्टाचार किस हद तक हो सकता है। मेरे आलोचक मेरी कई कमियां गिना सकते हैं, लेकिन कोई यह नहीं कह सकता कि मेरा भ्रष्टाचार से कोई संबंध रहा है।
