देश

TMC के पूर्व राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर ने थामा भाजपा का दामन; सुष्मिता देव और प्रकाश चिक भी हुए शामिल

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रे, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बाराइक ने भाजपा का दामन थामा। सुखेंदु शेखर रे सहित तीनों राज्यसभा सांसद थे और उन्होंने कुछ दिन पहले ही इस्तीफा दिया था।

Image

सुखेंदु शेखर, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक ने थामा भाजपा का दामन

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रे, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बाराइक ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामा। सुखेंदु शेखर रे सहित तीनों राज्यसभा सांसद थे और उन्होंने कुछ दिन पहले ही इस्तीफा दिया था।

भट्टाचार्य की मौजूदगी में नेताओं ने ली शपथ

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में तीनों नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भट्टाचार्य ने भाजपा के सॉल्ट लेक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में खुद सुखेंदु शेखर रे, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बाराइक को भाजपा का पट्टा पहनाया और झंडा भेंट कर पार्टी में स्वागत किया। इस कार्यक्रम में राज्य के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

भट्टाचार्य ने कहा, ''गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा की सरकार है। अब श्यामाप्रसाद मुखर्जी की धरती पर भी भाजपा की सरकार बन चुकी है... हम तीनों नेताओं का मन से, दिल से और खुशी से स्वागत करते हैं।''

BJP जता सकती है भरोसा

ऐसी संभावनाएं जताई जा रही हैं कि टीएमसी के तीनों पूर्व राज्यसभा सांसदों पर भाजपा भरोसा जता सकती है। ऐसे में पार्टी उन्हें अपना आधिकारिक प्रत्याशी बनाकर आगामी राज्यसभा चुनाव में उतार सकती है।

सनद रहे कि बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त के बाद पिछले महीने सुखेंदु शेखर रे, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बाराइक ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था और टीएमसी को भी अलविदा कह दिया।

भट्टाचार्य ने कहा कि इन तीनों पूर्व सांसदों का अनुभव पश्चिम बंगाल में भाजपा को और मजबूत करेगा। उनकी यह टिप्पणी उनके उस पहले के रुख के अनुरूप है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा सत्तारूढ़ दल के 'बेदाग' नेताओं को पार्टी में शामिल करने के लिए तैयार है। उनके इस रुख की पार्टी के भीतर भी आलोचना हुई थी, जिसमें वरिष्ठ नेता दिलीप घोष भी शामिल थे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article