Assam New Greenfield Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में असम में नया ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट बनाने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त पोस्टल ऑपरेशन स्कीम (डाक विभाग), तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल को लेकर भी निर्णय लिए गए।
कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट बैठक में हुए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल बनाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि देश का कंटेनर ट्रैफिक तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में ईस्ट कोस्ट और वेस्ट कोस्ट, दोनों पर ही और कंटेनर टर्मिनल की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि कामराजार पोर्ट का बड़े स्तर पर विकास किया जाएगा। इस बंदरगाह का hinterland (आंतरिक क्षेत्र) और कैचमेंट एरिया काफी बड़ा है। चेन्नई, श्रीपेरंबुदूर और गुमिडिपूंडी समेत इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग जोन, जहां बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और उनके पुर्जों का उत्पादन होता है, को इस पोर्ट के जरिए सेवाएं मिलेंगी।
सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
कैबिनेट बैठक में असम के सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने का निर्णय लिया। इसकी अनुमानित लागत 2,014 करोड़ रुपये है। मोदी कैबिनेट ने एयरपोर्ट निर्माण की मंजूरी दे दी है। अश्विनी वैष्णव ने बताया कि कैबिनेट का तीसरा बड़ा फैसला सिलचर में एक नया एयरपोर्ट बनाना है। सिलचर एयरपोर्ट लगभह अपनी कैपिसिटी तक पहुंच गया है और कई दिक्कतों का सामना कर रहा है। लोकेशन से जुड़ी दिक्कतों की वजह से रनवे को बढ़ाना भी मुश्किल है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पाकिस्तानी मंत्री के भारत दौरे के बीच शशि थरूर ने पड़ोसी PAK को दिया बड़ा मैसेज
उन्होंने बताया कि असम के कछार जिले के डोलू में एक नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाया जाएगा। जैसे गुवाहाटी के विकास से असम के एक बड़े हिस्से को कनेक्टिविटी मिलती है, वैसे ही सिलचर का नया एयरपोर्ट मणिपुर, नगालैंड, त्रिपुरा और मेघालय समेत इस इलाके के कई राज्यों से कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा। यह परियोजना पूरे इलाके के लिए एक बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पहल के तौर पर काम करेगा।
