देश

बंगाल में मुख्यमंत्री के नाम पर आज होगा अंतिम फैसला, अमित शाह की मौजूदगी में कोलकाता में विधायक दल की बैठक

Bengal New CM: पश्चिम बंगाल में आज नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इस अहम बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंचेंगे और विधायक दल की बैठक में हिस्सा लेंगे।

Image

बंगाल में आज तय होगा नया मुख्यमंत्री

Photo : PTI

Bengal New CM: पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के भारी बहुमत से जीतने के बाद अब मुख्यमंत्री के चयन को लेकर अहम बैठक होने जा रही है। पार्टी की इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) करेंगे। इसके लिए अमित शाह आज कोलकाता पहुंचेंगे। सूत्रों के अनुसार, बीजेपी 9 मई को राज्य में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित कर सकती है। यह तारीख रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के आसपास होने के कारण सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी इस समारोह को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी कर रही है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की संभावना है।

अमित शाह नव-निर्वाचित विधायकों की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त

अमित शाह को नव-निर्वाचित विधायकों की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सह-पर्यवेक्षक की भूमिका निभाएंगे। इस बैठक में बीजेपी विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनेगा। पार्टी के भीतर चर्चा है कि शुभेंदु अधिकारी, जिन्होंने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराया, मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार हो सकते हैं। हालांकि, अंतिम फैसला विधायकों की बैठक में ही लिया जाएगा। बीजेपी के सूत्रों के अनुसार, राज्य में उपमुख्यमंत्री पदों को लेकर भी विचार चल रहा है।

संभावना है कि एक उपमुख्यमंत्री उत्तर बंगाल से और दूसरा दक्षिण बंगाल से चुना जा सकता है, ताकि क्षेत्रीय संतुलन बनाया जा सके। शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजन की तैयारी की जा रही है। बीजेपी के सभी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। वहीं, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी बयान दिया है कि मुस्लिम वोटों का इस्तेमाल धर्मनिरपेक्ष दलों में बर्बाद हो रहा है और बदलाव की जरूरत है।

207 सीटें जीतकर बीजेपी ने रचा इतिहास

अब सभी की नजरें बीजेपी की इस महत्वपूर्ण बैठक और आने वाले मुख्यमंत्री के नाम पर टिकी हुई हैं। बता दें कि बीजेपी ने 293 विधानसभा सीटों वाले बंगाल में 207 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है। बंगाल में टीएमसी के 15 सालों का राज खत्म हो गया है। सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से शिकस्त दी है। इसके अलावा वो नंदीग्राम सीट से भी उन्होंने जीत हासिल कर ली है।बंगाल में वह बीजेपी का मुख्य चेहरा माने जाते हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article