TMC Frozen Accounts Row: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बैंक खातों के फ्रीज होने और प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई को लेकर घमासान एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट की चौखट पर पहुंचने वाला है। पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी (Ritabrata Banerjee) ने गुरुवार को साफ कर दिया कि उनकी पार्टी कलकत्ता हाई कोर्ट (Calcutta High Court TMC order) के उस फैसले के खिलाफ देश की सबसे बड़ी अदालत (सुप्रीम कोर्ट) में विशेष अनुमति याचिका दायर करेगी, जिसमें तृणमूल कांग्रेस (TMC) को उसके फ्रीज किए गए तीन बैंक खातों को अस्थाई रूप से इस्तेमाल करने की इजाजत दी गई है।
ऋतब्रत बनर्जी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जब यह मामला शुरुआत में कलकत्ता हाई कोर्ट में था, तब ईडी इस कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा नहीं थी। लेकिन अब जब वे सुप्रीम कोर्ट का रुख कर रहे हैं, तो इस मामले में ईडी को भी एक पक्ष बनाया जाएगा। टीएमसी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने फंड की हेराफेरी का गंभीर आरोप लगाया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'मूसलाधार बारिश में मतदाता गणना संभव नहीं', आदित्य ठाकरे ने चुनाव आयोग से मांगी 10 दिन की मोहलत
ऋतब्रत बनर्जी ने कसा तंज
बनर्जी ने तंज कसते हुए कहा, "इस 'नए नटवरलाल' को बहुत-बहुत बधाई। असली नटवरलाल ने तो सिर्फ ताजमहल बेचा था, लेकिन यहां एक कंपनी ने पार्टी के ही फंड से 160 करोड़ रुपये देकर संपत्ति खरीदी और फिर पार्टी उसी कंपनी को उस संपत्ति का किराया दे रही है। यह सीधे तौर पर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला है।"
दूसरी तरफ, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी ने ईडी द्वारा पार्टी के खातों में मौजूद 440.42 करोड़ रुपये की रकम को फ्रीज किए जाने की कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। टीएमसी का कहना है कि यह कदम पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है और बीजेपी विपक्ष को कमजोर करने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
TMC छोड़ भाजपा ज्वाइन करने वाले नेताओं पर भी दी प्रतिक्रिया
इस बीच, टीएमसी के तीन बड़े नेताओं- पूर्व राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव, प्रकाश चिक बड़ाइक और सुखेंदु शेखर रॉय के टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने पर भी ऋतब्रत बनर्जी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन उनके व्यक्तिगत संबंध हमेशा बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि सुखेंदु दा उनके वरिष्ठ मार्गदर्शक हैं, सुष्मिता उनकी पुरानी दोस्त हैं और प्रकाश उनके छोटे भाई जैसे हैं। लोकतंत्र में हर किसी को अपना फैसला लेने का पूरा अधिकार है। ये तीनों नेता साल्ट लेक स्थित बीजेपी दफ्तर में पार्टी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए हैं।
