West Bengal Elections 2026 BJP List: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने सोमवार को 144 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया। इस सूची में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को कोलकाता की हाई-प्रोफाइल भवानीपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
भवानीपुर से विधायक हैं ममता बनर्जी
भवानीपुर सीट फिलहाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास है। 2021 में नंदीग्राम सीट से सुवेंदु अधिकारी से हारने के बाद ममता बनर्जी ने इसी सीट से उपचुनाव जीतकर मुख्यमंत्री पद बरकरार रखा था। ऐसे में इस बार इस सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है।
दिलीप घोष को खड़गपुर सदर से बनाया उम्मीदवार
भाजपा ने अपनी पहली सूची में कई प्रमुख नेताओं को चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष को खड़गपुर सदर, बिमान महतो को सालबोनी (दोनों पश्चिम मेदिनीपुर जिला) से टिकट दिया गया है। वहीं स्वपन दासगुप्ता को दक्षिण कोलकाता की रासबेहारी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा पार्टी ने सुमिता सिन्हा को कांथी उत्तर (पूर्व मेदिनीपुर), बिमान घोष को पुरसुराह (हुगली), माधवी महालदार को कुलतली (दक्षिण 24 परगना), अनिमा दत्ता को पलाशीपाड़ा (नदिया) और लक्ष्मीकांत साहू को झाड़ग्राम सीट से चुनाव मैदान में उतारा है।
144 उम्मीदवारों में कितनी महिलाएं?
भाजपा की पहली उम्मीदवार सूची में 11 महिला उम्मीदवारों को भी जगह दी गई है। इनमें अग्निमित्रा पॉल, ओसग्राम से कलिता मांझी, मानबाजार से मैना मुर्मू, रघुनाथपुर से मामोनी बाउरी, सालतोरा से चंदना बाउरी, कुलतली से माधवी महालदार और डाबग्राम–फुलबाड़ी से शिखा चटर्जी जैसे नाम शामिल हैं।
इसके अलावा पार्टी ने कूचबिहार नॉर्थ से सुकुमार रॉय, सीतलकुची से सावित्री वर्मन, कुमारग्राम से मनोज कुमार ओरांव और कालचिनी से विशाल लामा को भी चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा का कहना है कि उम्मीदवारों के चयन में क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक प्रतिनिधित्व का ध्यान रखा गया है।
बंगाल में 6.44 करोड़ मतदाता डालेंगे वोट
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार पश्चिम बंगाल में कुल 6.44 करोड़ मतदाता हैं। इनमें लगभग 3.28 करोड़ पुरुष और 3.16 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं, जबकि थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 1,152 है। अगर नए मतदाताओं की बात करें तो 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 5.23 लाख मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। वहीं 20 से 29 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या करीब 1.31 करोड़ है।राज्य में 85 वर्ष से अधिक आयु के करीब 3.79 लाख मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि दिव्यांग मतदाताओं की संख्या लगभग 4.16 लाख है। चुनाव आयोग की ओर से मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के उपयोग के बारे में जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल चुनाव का है ये कार्यक्रम
वहीं, रविवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए चुनाव आयोग ने पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। राज्य की 294 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे और सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 148 सीटों का बहुमत हासिल करना होगा।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण की अधिसूचना 30 मार्च को जारी होगी, जबकि दूसरे चरण की अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी की जाएगी। पहले चरण के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 6 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 9 अप्रैल तय की गई है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल और 10 अप्रैल को की जाएगी। उम्मीदवार पहले चरण के लिए 9 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 13 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
मतदान की बात करें तो पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को और दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। दोनों चरणों के मतदान के बाद 4 मई को वोटों की गिनती की जाएगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 148 सीटों का बहुमत जरूरी है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच इस बार भी कड़ा मुकाबला होने की संभावना है।
