Bengal Election: विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद पश्चिम बंगाल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य में कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की गई हैं। सरकार ने 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सिद्ध नाथ गुप्ता को राज्य का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। वहीं नटराजन रमेश बाबू को डीजी, करेक्शनल सर्विसेज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए किया गया प्रशासनिक बदलाव
इसके अलावा अजय मुकुंद रानाडे को अतिरिक्त महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बनाया गया है। वहीं अजय कुमार नंद को कोलकाता का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए यह प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। राज्य में चुनावी माहौल के बीच सरकार और प्रशासन दोनों सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं।
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल मुख्य सचिव को इस आदेश का पालन आज दोपहर 3 बजे तक करने आदेश दिया है। चुनाव आयोग ने अपने आदेश में ये भी कहा गया है कि जिन पुलिस अधिकारियों का तबादला हुआ है उन्हें चुनाव से जुड़ी हुई कोई भी जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
तबादलों को लेकर ज्ञानेश कुमार ने क्या कहा?
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा ये सारे तबादले पश्चिम बंगाल में भयमुक्त और हिंसारहित चुनाव कराने के मकसद से किये गए हैं। पुलिस महकमे में आज हुए ट्रांसफर से पहले चुनाव आयोग राज्य के मुख्य सचिव और गृह सचिव को भी बदल चुका है।
सूत्रों के मुताबिक पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान के बाद होने वाली हिंसा को रोकने के लिए ये कदम उठाने जरूरी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल में अफसरशाही में और तबादले करेगा।
बता दें कि चुनाव आयोग ने रविवार को बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान किया। राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा और मतगणना चार मई को होगी।
