देश

बंगाल में निजाम बदलते ही ब्यूरोक्रेसी में हलचल; सचिवालय में बड़ा फेरबदल, सुवेंदु की टीम में 9 नए अफसरों की एंट्री

पश्चिम बंगाल में निजाम बदलते ही नौकरशाही में हलचल शुरू हो गई है। सुवेंदु अधिकारी ने सीएम पद ग्रहण करते ही अपनी नई टीम बनाना शुरू कर दिया है। इसी के चलते उन्होंने कई अधिकारियों का तबादला किया। नई सरकार ने शीर्ष स्तर पर भी अहम नियुक्तियां की हैं। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुभ्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का सलाहकार नियुक्त किया गया है, जबकि शांतनु बाला को मुख्यमंत्री का निजी सचिव बनाया गया है।

Image

राइटर्स बिल्डिंग (चित्र साभार: Incredible India)

पश्चिम बंगाल में भाजपा की नई सरकार के बनते ही प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव शुरू हो गए हैं। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने आज से ही नौकरशाही में फेरबदल करना शुरू कर दिया है। सुवेंदु कैबिनेट ने इस बाबत रविवार को बड़ा कदम उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में नौ नए अधिकारियों की नियुक्ति की।

आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, आईएएस अधिकारी पी प्रमोथ और नवनीत मित्तल को तत्काल प्रभाव से मुख्यमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव (जॉइंट सेक्रेटरी) बनाया गया है। पी प्रमोथ फिलहाल एमएसएमई एवं वस्त्र विभाग में संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत थे, जबकि नवनीत मित्तल पश्चिम मेदिनीपुर में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (ADM) के पद पर तैनात थे।

इसके अलावा सात डब्ल्यूबीसीएस (एक्जीक्यूटिव) अधिकारियों को मुख्यमंत्री कार्यालय में वरिष्ठ उप सचिव (सीनियर डिप्टी सेक्रेटरी) के तौर पर नियुक्त किया गया है। इनमें आवास, मत्स्य, भूमि सुधार विभागों और विभिन्न जिलों में तैनात अधिकारी शामिल हैं।

बीते दिन भी हुआ था 16 अधिकारियों का तबादला

इससे पहले शनिवार को भी राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए उन 16 अधिकारियों का तबादला किया था, जो पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल में मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात थे।

सेवानिवृत्त आईएएस सुभ्रत गुप्ता बने सीएम सुवेंदु के सलाहकार

नई सरकार ने शीर्ष स्तर पर भी अहम नियुक्तियां की हैं। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुभ्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का सलाहकार नियुक्त किया गया है। सुब्रत गुप्ता को पहले राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया के दौरान रोल आब्जर्वर के रूप में नियुक्त किया गया था। उनके कार्य से संतुष्ट होकर आयोग ने उन्हें विधानसभा चुनाव के लिए विशेष पर्यवेक्षक की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी थी।

आईएएस शांतनु बाला होंगे सीएम के निजी सचिव

इसके साथ ही राज्य सरके प्राइवेट सचिवकार ने 2017 बैच के आईएएस अधिकारी शांतनु बाला को सीएम का निजी सचिव नियुक्त किया है। वो इससे पहले दक्षिण 24 परगना जिले में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थे।

बता दें कि राज्यपाल आर. एन. रवि ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।सुवेंदु अधिकारी के शपथ लेने के तुरंत बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष ने नयी मंत्रिपरिषद में मंत्री के रूप में शपथ ली। भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रामाणिक और क्षुदिराम टुडू को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article