देश

दिल्ली-NCR सहित उत्तर भारत के इलाकों में ठंड का कहर जारी, अगले कुछ दिनों तक राहत नहीं, टॉप प्वाइंट

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jan 5, 2024, 10:27 AM IST

Weather Updates: उत्तर भारत में ठंड का कहर लगातार जारी है और मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ऐसे ही हालात देखने को मिलेंगे। जानिए अब तक का अपडेट।

Image

आज का मौसम

Photo : PTI

Cold And Fog Updates: राजधानी दिल्ली एनसीआर के साथ साथ उत्तर भारत के इलाकों में ठंड का कहर जारी है। दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री वही अधिकतम तापमान 17 डिग्री तक जाने की संभावना है, अधिकतम तापमान में सामान्य से 2 डिग्री कमी देखी गई है। इसके अलावा एनसीआर के इलाके में कोहरे की एक चादर देखने को मिल रही है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी कम है इसलिए लोग संभलकर गाड़ी चला रहे हैं और धीरे धीरे अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ऐसे ही हालात देखने को मिलेंगे।

दिल्ली सहित उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में

  • दिल्ली में शुक्रवार को भी शीतलहर के हालात बने हुए हैं और कोहरे का असर भी दिख रहा है। दिल्ली में सफदरजंग वेधशाला में गुरुवार को पारा अधिकतम 12.5 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 6.8 डिग्री नीचे तक पहुंच गया। आज भी ऐसे ही हालात बने हुए हैं।
  • भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में भी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। पंजाब और राजस्थान के अलग-अलग स्थानों के शीत लहर की चपेट में आने की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
  • गुरुवार को आईएमडी ने कोल्ड डे यानी ठंडा दिन घोषित किया था। अगर अधिकतम तापमान मौसम के सामान्य तापमान से 4.5-6.4 डिग्री नीचे चला जाता है तो ठंडा दिन घोषित किया जाता है। अगर मौसम के लिए तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री कम हो तो गंभीर शीत दिवस घोषित किया जाता है।
  • अगले कुछ दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और पश्चिम राजस्थान सहित उत्तर भारत के बड़े इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, पूर्वी राजस्थान के अलग-थलग इलाके भी प्रभावित होंगे। उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के जम्मू संभाग में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाया रहेगा।
  • गुरुवार को हरियाणा के हिसार में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य से 6.8 डिग्री कम था, जबकि पंजाब के पटियाला में तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.1 डिग्री कम था।
  • राजस्थान के कोटा में अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य से 8 डिग्री कम था, मध्य प्रदेश के भोपाल में अधिकतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.3 डिग्री कम था।
  • चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 17.1°C दर्ज किया गया, जबकि अंबाला, हिसार और रोहतक जैसे पड़ोसी क्षेत्रों में तापमान क्रमशः 15.8°C, 12.0°C और 13.3°C दर्ज किया गया। पंजाब के लुधियाना, पटियाला और अमृतसर में अधिकतम तापमान क्रमशः 11.0°C, 10.5°C और 11.4°C रहा।
  • उत्तर प्रदेश में, मेरठ, लखनऊ, शाहजहांपुर, फुरसतगंज, बरेली, झांसी और अलीगढ़ जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 14.6°C से 17.2°C के बीच रहा।

मौसम विभाग ने कहा कि गर्म और नम दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से रविवार के बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल मौसम बेहद सर्द बना हुआ है और अगले कुछ दिनों तक हालात ऐसे ही बने रहेंगे। कोहरे से भी फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article