इन क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश की संभावना
उत्तरपश्चिमी, मध्य और प्रायद्वीपीय क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश की संभावना है जबकि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से कम बारिश की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण अमेरिका के समीप प्रशांत महासागर में पानी के ठंडा होने यानी कि ला नीना परिस्थितियां कमजोर हो गयी है। महापात्रा ने कहा, पूर्वानुमान से संकेत मिलता है कि अप्रैल से जून तक अल नीनो परिस्थितियां हो सकती है। अल नीनो में जुलाई-सितंबर तक बदलाव हो सकता है और बारिश के जरिये अल नीनो का प्रभाव बढ़ने की संभावना है। अल नीनो, दक्षिण अमेरिका के पास प्रशांत महासागर में पानी का गर्म होना, मानसूनी हवाओं के कमजोर होने और भारत में कम वर्षा से जुड़ा है। देश की वार्षिक वर्षा का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा मानसून से आता है और शुद्ध बुआई वाले क्षेत्र का 60 प्रतिशत इससे सिंचित होता है। लगभग आधी आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि पर निर्भर है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों के कई हिस्सों में लंबे समय तक मानसून पूर्व बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और बिजली गिरने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवा के कारण देश में आम की फसल को 20 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है।