देश

Weather Update: दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी से घटी दृश्यता, पंजाब से राजस्थान तक बदला मौसम, जानें अपने शहर का हाल

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated May 16, 2023, 09:33 AM IST

IMD Weather Forecast: आईएमडी (Mausam Vibhag ) ने कहा है कि दिल्ली में मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर और शाम को तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान हवाओं की गति 30-40 किमी प्रति घंटे हो सकती है। इसके साथ बहुत हल्की बारिश (Rain Fall) की भी संभावना है।

Image

दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज

Photo : BCCL

IMD Weather Forecast: दिल्ली-NCR (Delhi-NCR) और आसपास के इलाकों में पड़ रही प्रचंड गर्मी (Heat Wave) से आज सुबह कुछ राहत मिली है। हालांकि, देर रात से चल रहीं तेज हवाओं का दौर आज सुबह भी जारी रहा। सुबह छह बजे से धूल भरी आंधी के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के अनुसार, AQI 134 दर्ज किया गया। वहीं, आंधी के कारण दृश्यता भी घट गई। आईजीआई एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 1100 मीटर तक कम हो गई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि मंगलवार को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद व आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग (MeT) विभाग ने रात में एक या दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश (Rain Fall) या गरज (Thunderstorm) के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में 15 से 17 मई तक आंधी (Dust Storm) के आसार हैं। यहां हवाओं की गति काफी तेज होगी। वहीं, विदर्भ, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, तटीय आंध्र प्रदेश में 15 से 17 मई तक हीटवेव के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।

दिल्ली वासियों के दो से तीन दिन राहत भरे

आईएमडी (Mausam Vibhag ) ने कहा है कि दिल्ली में मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर और शाम को तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान हवाओं की गति 30-40 किमी प्रति घंटे हो सकती है। इसके साथ बहुत हल्की बारिश (Rain Fall) की भी संभावना है। 18 मई के लिए मौसम विभाग ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में दिन के दौरान तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जबकि 19 मई के लिए बहुत हल्की बारिश या तेज हवाओं के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। बता दें, दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यहां भी आज हो सकती है बारिश

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को भी गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। यहां छिटपुट स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने बताया, मध्य प्रदेश, उप- हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम के अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश के आसार हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, पंजाब, बिहार, तमिलनाडु, पुडेचेरी और कराईकल में भी हल्की बारिश की संभावना बन रही है।

नॉर्थ ईस्ट में बारिश को लेकर अलर्ट

मौसम विभाग ने नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भारी बारिश (Heavy Rain) को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 मई यानी आज असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में भाी बारिश हो सकती है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश और यमन के अलग-अलग हिस्सों में लू (Heat Wave) चलने की संभावना बनी हुई है।

मिजोरम में मोचा तूफान की तबाही

शक्तिशाली तूफान मोचा के कारण मिजोरम के कई हिस्सों में कम से कम 236 मकान एवं आठ शरणार्थी शिविर क्षतिग्रस्त हो गये। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार को इस शक्तिशाली तूफान के कारण 50 से अधिक गांवों में कुल 5,749 लोग प्रभावित हुए, लेकिन किसी की मृत्यु होने की खबर नहीं है। शक्तिशाली चक्रवात मोचा पांचवीं श्रेणी के तूफान के रूप में सशक्त होकर रविवार को म्यांमा-बांग्लादेश तट पर पहुंचा। इसने दक्षिण-पूर्व तटीय क्षेत्रों में भारी नुकसान पहुंचाया और पांच लाख से अधिक लोगों को निचले क्षेत्रों से जाना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि जो 236 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनमें 27 पूरी तरह नष्ट हो गये जबकि 127 को आंशिक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि म्यामां से सटे मिजोरम के दक्षिणी सियाहा जिले पर इस तूफान की सबसे अधिक मार पड़ी है जहां दो राहत शिविरों समेत 101 मकान क्षतिग्रस्त हो गये।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article