देश

हमारे दिमाग में कुछ बड़ा है- सत्य निकेतन हादसे पर सुप्रीम कोर्ट 10 सितंबर को करेगा सुनवाई, पैन-इंडिया सेफ्टी ऑडिट के संकेत

Satya Niketan Building Collapse: सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई के लिए तैयार हो गया है, सुप्रीम कोर्ट ने इसे दिल्ली हाईकोर्ट ट्रांसफर करने से मना कर दिया।

Image

सत्य निकेतन हादसे में सात लोगों की हुई है मौत (फोटो- PTI)

Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक इमारत हादसे पर सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने सख्त रुख अपनाया है। देश की सर्वोच्च अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 सितंबर को सुनवाई करने पर सहमति जताई है। मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट संकेत दिए कि वह इस मुद्दे के दायरे को केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि पूरे देश में छात्रों के आवासों की सुरक्षा को लेकर व्यापक आदेश जारी कर सकता है।

"हम दिल्ली हाईकोर्ट को ट्रांसफर नहीं करेंगे"

सुनवाई के दौरान दिल्ली सरकार और केंद्र की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल (SG) तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट से आग्रह किया कि चूंकि दिल्ली हाईकोर्ट में पहले से ही इस मामले पर एक जनहित याचिका विचाराधीन है, इसलिए इस मुद्दे को हाईकोर्ट में ही स्थानांतरित कर दिया जाना चाहिए।

इस पर सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने कड़ा रुख अपनाते हुए याचिका ट्रांसफर करने से इनकार कर दिया और टिप्पणी की- "नहीं, हम इसे स्थानांतरित नहीं कर रहे हैं। हमारे दिमाग में कुछ है।"

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा- "यह बेहद भयावह घटना है। लोग गहरे दुख में हैं और हमारा दिल भी बच्चों और खास तौर पर उनके माता-पिता के लिए रोता है, क्योंकि हम भी माता-पिता हैं।"

पूरे देश के PG और हॉस्टलों का हो 'सेफ्टी ऑडिट'

सुप्रिम कोर्ट द्वारा नियुक्त अमिसकस क्यूरी ने अदालत में एक विशेष आवेदन दायर कर मांग की है कि दिल्ली और देश भर के कॉलेज व विश्वविद्यालय परिसरों के आसपास चल रहे सभी प्राइवेट हॉस्टल, पीजी और छात्र आवासों का साइट इंस्पेक्शन और टाइम-बाउंड 'सेफ्टी ऑडिट' कराया जाए। इमारतों के स्वीकृत नक्शे, वास्तविक मंजिलों की संख्या, बेसमेंट के अवैध निर्माण, फायर-सेफ्टी और स्ट्रक्चरल सेफ्टी (ढांचागत मजबूती) के अनुपालन की जांच की जाए।

सुप्रीम कोर्ट द्वारा 10 सितंबर को होने वाली इस सुनवाई पर पूरे देश के छात्रों, अभिभावकों और कोचिंग/कॉलेज हब के पीजी संचालकों की नजरें टिकी होंगी, क्योंकि अदालत एक राष्ट्रव्यापी सख्त दिशानिर्देश जारी कर सकती है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article