देश

क्या महाराष्ट्र की बदल रही राजनीतिक फिजा? शरद और उद्धव के मुरीद हुए फडणवीस, बोले- वह दुश्मन नहीं

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शरद पवार और उद्धव ठाकरे को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे उनके वैचारिक विरोधी हैं, दुश्मन नहीं। शरद पवार एक बड़े दिल वाले और वरिष्ठ नेता हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वह उद्धव ठाकरे के आभारी हैं। वहीं, ठाकरे ने किताब में अपने लेख में फडणवीस को एक अध्ययनशील और वफादार नेता बताया है।

Image

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (दाएं), शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे (बीच) और राकांपा (एसपी) शरद पवार (बाएं)

Photo : Twitter

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को अपने जन्मदिन पर जारी ‘कॉफी टेबल बुक’ में उनकी प्रशंसा करने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे उनके वैचारिक विरोधी हैं, दुश्मन नहीं।

फडणवीस ने क्या कुछ कहा?

महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने फडणवीस के 55वें जन्मदिन के अवसर पर राजभवन में उन पर 'महाराष्ट्र नायक' नामक एक ‘कॉफी टेबल बुक’ का विमोचन किया। पुस्तक में ठाकरे और पवार द्वारा उनके काम के प्रति उत्साह और जुनून के बारे में की गई टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा कि वह उद्धव ठाकरे के आभारी हैं।

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए फडणवीस ने कहा कि हम वैचारिक रूप से विरोधी हैं, दुश्मन नहीं। शरद पवार एक बड़े दिल वाले और वरिष्ठ नेता हैं। उनकी टिप्पणियां मेरे लिए अमूल्य हैं। पुस्तक में पवार (84) ने लिखा है कि जब वह फडणवीस को देखते हैं, तो उन्हें वह समय याद आता है, जब वह (पवार) 1978 में पहली बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने थे।

पवार जब मुख्यमंत्री बने थे, तब उनकी उम्र सिर्फ 38 वर्ष थी, जिससे वह राज्य में शीर्ष पद पर आसीन होने वाले सबसे युवा नेता बन गए थे। हल्के-फुल्के अंदाज में, पूर्व केंद्रीय मंत्री पवार ने अपनी शारीरिक बनावट की तुलना फडणवीस से करते हुए कहा, "भारी भरकम होने की समानता कभी भी कड़ी मेहनत करने में बाधक नहीं रही। मुझे आश्चर्य होता है कि वह थकते कैसे नहीं।"

ठाकरे ने फडणवीस को बताया वफादार नेता

ठाकरे ने किताब में अपने लेख में फडणवीस को एक अध्ययनशील और वफादार नेता बताया है, जिन्होंने महाराष्ट्र में अपनी पार्टी को मजबूत करने में कामयाबी हासिल की है, जो कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था। शिवसेना (उबाठा) नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ठाकरे ने लिखा है कि फडणवीस के पास राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी भूमिका पाने का मौका है। उन्होंने फडणवीस को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!