Maharashtra Politics: शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। यह मुलाकात उस समय हुई जब देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में विधानमंडल ने खुले आम उनके पिता उद्धव ठाकरे को साथ आने का न्योता दिया और बाद में फिर दोनों नेताओं की मुलाकात भी हुई।
दोनों नेताओं की कहां हुई मुलाकात?
मुख्यमंत्री फडणवीस और आदित्य ठाकरे शनिवार को मुंबई के सोफिटेल होटल में मिले। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आदित्य ठाकरे और मुख्यमंत्री फडणवीस को बीकेसी स्थित सोफिटेल होटल में एक साथ देखा गया। दोनों को होटल के कैफेटेरिया में देखा गया। दरअसल, दोनों दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए सोफिटेल होटल में थे। हाल के दिनों में उद्धव ठाकरे और मुख्यमंत्री फडणवीस ने मानसून सत्र के दौरान कई बैठकें भी की हैं।
बंद कमरे में हुई थी मुलाकात
बीते दिनों उद्धव ठाकरे और मुख्यमंत्री फडणवीस मिले थे। दोनों की मुलाकात विधान परिषद के सभापति राम शिंदे के ऑफिस में हुई थी और दोनों के बीच लगभग 20 मिनट तक बातचीत हुई। सनद रहे कि फडणवीस ने बातों-बातों में अपने पुराने साथी उद्धव ठाकरे को बुधवार को साथ आने का न्योता दिया था। उन्होंने कहा था कि 2029 तक हमारे विपक्ष में जाने की कोई गुंजाइश नहीं है, लेकिन आप यहां आ सकते हैं और हम कुछ-न-कुछ हल निकाल सकते हैं। आइये, अलग तरह से बात करते हैं।
