देश

क्या BJP ब्लॉक प्रमुख से विवाद के कारण ही हुआ IAS रिंकू सिंह राही का तबादला? DM ने बताई ये वजह

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में भाजपा के ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन के साथ कथित धक्का-मुक्की को लेकर विवादों में आए आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही का मंगलवार को तबादला कर दिया गया।

Image

एसडीएम रिंकू सिंह राही (फोटो-ट्विटर)

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में ब्लॉक प्रमुख से धक्का-मुक्की के बाद विवादों में घिरे भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी रिंकू सिंह राही का मंगलवार को तबादला कर दिया गया। जिसके बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या ये विवाद ही उनके तबादले की वजह है? हालांकि, जिला प्रशासन ने इसे विवाद से जोड़ने से इनकार करते हुए इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया बताया है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राही को जालौन के उपजिलाधिकारी पद से हटाकर जिला मुख्यालय उरई में उपजिलाधिकारी (न्यायिक) के पद पर तैनात किया गया है। वह राकेश कुमार सोनी का स्थान लेंगे, जिन्हें जालौन का उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

क्या हुआ था विवाद?

बता दें कि राही का 23 जून को जालौन विकासखंड क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन से कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण के दौरान विवाद हो गया था। इस दौरान उनके बीच कथित तौर पर धक्का-मुक्की हुई और उपजिलाधिकारी पर ब्लॉक प्रमुख को थप्पड़ मारने के आरोप भी लगे थे।

29 जून को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस घटना का वीडियो 29 जून को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद जालौन तहसील कार्यालय के कर्मचारियों ने उपजिलाधिकारी पर अभद्र और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाते हुए आंदोलन शुरू कर दिया तथा सामूहिक अवकाश का आवेदन भी दिया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के लिए जिलाधिकारी ने पांच सदस्यीय समिति गठित की थी।

तबादले पर जिलाधिकारी का क्या है कहना?

हालांकि जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने इस तबादले को जनहित और प्रशासनिक व्यवस्था के हित में की गई एक रूटीन कार्रवाई बताया है, लेकिन इसे ब्लॉक प्रमुख से हुई धक्का-मुक्की और कर्मचारियों के विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है।

पहले भी विवादों में रहे हैं रिंकू सिंह राही

आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही इससे पहले भी विवादों में रहे हैं। जुलाई 2025 में शाहजहांपुर में संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में तैनाती के दौरान, कचहरी परिसर में एक मुंशी को खुले में शौच करने से रोकने और उठक-बैठक लगवाने के मामले पर विवाद के बाद उन्होंने वकीलों के सामने खुद भी उठक-बैठक लगाई थी।

इसके बाद उन्हें हटाकर राजस्व परिषद से संबद्ध कर दिया गया था। उत्तर प्रदेश कैडर के 2023 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने इस वर्ष मार्च में सेवा से तकनीकी रूप से इस्तीफा देने के बाद लंबे समय तक काम न मिलने का हवाला देते हुए स्वयं को मूल प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) संवर्ग में भेजे जाने का अनुरोध किया था। उन्होंने हालांकि बाद में इस्तीफा वापस ले लिया और उन्हें जालौन में उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया था।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article