देश

'जटिल होते जा रहे युद्ध, लगातार बढ़ रही तीव्रता', राजनाथ सिंह ने दुश्मन पर कहर बरपाने वाले गिनाए हथियार

Operation Sindoor: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को नागपुर में कहा कि युद्ध बहुत जटिल हो गए हैं और अब ये केवल सीमाओं तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि ऊर्जा, व्यापार, शुल्क, आपूर्ति शृंखला, प्रौद्योगिकी और सूचना भी इसके नए आयामों का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि युद्ध बहुत जटिल होते जा रहे हैं और उनकी तीव्रता भी लगातार बढ़ रही है।

Image

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (फोटो साभार: @rajnathsingh)

Photo : Twitter

Operation Sindoor: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को नागपुर में कहा कि युद्ध बहुत जटिल हो गए हैं और अब ये केवल सीमाओं तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि ऊर्जा, व्यापार, शुल्क, आपूर्ति शृंखला, प्रौद्योगिकी और सूचना भी इसके नए आयामों का हिस्सा हैं।

नागपुर में ‘सोलर इंडस्ट्रीज’ में मध्यम क्षमता वाले गोला-बारूद संयंत्र के उद्घाटन समारोह में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब रक्षा उत्पादन केवल सार्वजनिक क्षेत्र तक सीमित था और किसी ने भी निजी क्षेत्र की भागीदारी के बारे में नहीं सोचा था।

रक्षा मंत्री ने क्या कुछ कहा?

राजनाथ सिंह ने कहा कि निजी क्षेत्र के पास क्षमता और संभावना तो थी, लेकिन उसकी भागीदारी उस स्तर पर नहीं थी जितनी होनी चाहिए थी। रक्षा मंत्री ने कहा कि जब देश ‘आत्मनिर्भरता’ की दिशा में कदम बढ़ा रहा था तब निजी क्षेत्र के रक्षा उत्पादन को लेकर चुनौतियां और संदेह थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने नीतियों में बदलाव लाकर और प्रक्रियाओं को सरल बनाकर इस क्षेत्र के लिए द्वार खोल दिए, क्योंकि सरकार को निजी क्षेत्र की क्षमता पर पूरा भरोसा था।

उन्होंने कहा, ‘‘इससे गुणवत्ता में सुधार, समयबद्ध कार्य निष्पादन में वृद्धि और उत्पादकता एवं वितरण में भी तेजी आई है। हमारे रक्षा तंत्र में काफी सुधार हुआ है। निजी रक्षा क्षेत्र में वैज्ञानिक सोच और प्रौद्योगिकी आधारित दृष्टिकोण का विकास जिस प्रकार हुआ है वह अत्यंत सराहनीय है।’’

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अनुसंधान एवं विकास के मामले में निजी क्षेत्र अब सार्वजनिक क्षेत्र से आगे निकल चुका है। सिंह ने कहा कि भारत एक प्रमुख हथियार निर्यातक बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गोला-बारूद की आपूर्ति में कमी महसूस की गई थी, लेकिन सरकार ने इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता लाई है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल किए गए पिनाका मिसाइलों और नागास्त्र ड्रोन जैसी विभिन्न रक्षा उत्पादन क्षमताओं के लिए सोलर समूह की सराहना की।

युद्ध की लगातार बढ़ रही तीव्रता

सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि भारत गोला-बारूद उत्पादन का वैश्विक केंद्र बने। उन्होंने कहा, ‘‘युद्ध बहुत जटिल होते जा रहे हैं और उनकी तीव्रता भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में युद्ध की तैयारी युद्धस्तर पर होनी चाहिए। युद्ध का स्वरूप बहुत तेजी से बदल रहा है। नए तरीके सामने आ रहे हैं जो पारंपरिक युद्ध में कभी नहीं थे।’’

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article