Vijay Tamil Nadu CM: तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के संस्थापक और लोकप्रिय अभिनेता थलापति विजय ने आज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की राजनीति में नया इतिहास रच दिया। चेन्नई में हुए इस खास समारोह के बाद उनके पिता और मशहूर फिल्म निर्देशक एस.ए. चंद्रशेखर (SA Chandrasekhar) ने मीडिया से बात करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। बेटे को मुख्यमंत्री बनते देखकर वह काफी भावुक नजर आए। एस.ए. चंद्रशेखर ने कहा कि आज उनका सबसे बड़ा सपना पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि जब विजय का जन्म 1974 में हुआ था, तब परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत खराब थी।
अब मेरा बेटा सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरे तमिलनाडु का बेटा-चंद्रशेखर
उस समय दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल होता था। उन्होंने कहा कि उस दौर में कभी नहीं सोचा था कि उनका बेटा एक दिन तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनेगा। विजय ने भी अपने भाषण में संघर्ष के दिनों को याद किया, जिसे सुनकर उन्हें बहुत गर्व महसूस हुआ। विजय के पिता ने बताया कि बचपन से ही विजय मेहनती और मजबूत इरादों वाले थे। उन्होंने हर मुश्किल का सामना किया और कभी हार नहीं मानी। फिल्मों में सफलता पाने के बाद भी वह हमेशा लोगों से जुड़े रहे। धीरे-धीरे उन्होंने समाज सेवा और राजनीति की ओर कदम बढ़ाया। चंद्रशेखर ने कहा कि विजय अक्सर कहा करते थे कि वह एक दिन तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनेंगे और अब उनका यह सपना सच हो गया है।
विधानसभा चुनाव में TVK ने शानदार प्रदर्शन
भावुक होते हुए उन्होंने कहा, "अब मेरा बेटा सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरे तमिलनाडु का बेटा बन गया है।" यह कहते समय उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा कि गरीबी और संघर्ष से निकलकर विजय ने मेहनत के दम पर यह बड़ा मुकाम हासिल किया है। यही वजह है कि आज लाखों युवा उन्हें अपनी प्रेरणा मान रहे हैं। इस बार के विधानसभा चुनाव में TVK ने शानदार प्रदर्शन किया और सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार बनाई। खास बात यह रही कि करीब 59 साल बाद तमिलनाडु की पारंपरिक द्रविड़ पार्टियां सत्ता से बाहर हो गईं।
शपथ ग्रहण समारोह में कई बड़े राजनीतिक नेता और फिल्मी हस्तियां मौजूद रहीं। अंत में एस.ए. चंद्रशेखर ने उम्मीद जताई कि विजय गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए अच्छा काम करेंगे। उन्होंने राज्य की जनता से भी नए मुख्यमंत्री का समर्थन करने की अपील की। विजय की यह कहानी साबित करती है कि मेहनत और सच्ची लगन से कोई भी इंसान बड़ी सफलता हासिल कर सकता है।
