Tamil Nadu Assembly Election Results 2026: तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं। पहली बार चुनाव लड़ रहे थलपति विजय की तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन पार्टी बहुमत का आंकड़ा नहीं पा सकी। इसके बावजूद सरकार बनाने की स्थिति में नजर आ रही है। राज्य की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं, जो बहुमत से 10 कम हैं।
कांग्रेस के साथ बन सकती है विजय की बात
चुनावी नतीजे सामने आने के साथ ही तमिलनाडु में शह-मात का सियासी खेल शुरू हो गया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने विजय को फोन कर जीत की बधाई दी, लेकिन राहुल ने महज विजय को ही फोन नहीं किया, बल्कि डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से भी बातचीत की।
राहुल गांधी की विजय के साथ हुई बातचीत इसलिए भी खास थी, क्योंकि विधानसभा चुनाव से पहले विजय के पिता चंद्रशेखर ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की इच्छा जताई थी, लेकिन चुनाव पूर्व गठबंधन नहीं हो पाया था। हालांकि, अब बात बनने की संभावना जताई जा रही है।
विजय ने पेश किया सरकार बनाने का दावा
विजय ने राज्यपाल को पत्र लिखकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। पार्टी की ओर से राज्यपाल को भेजे गए ई-मेल में विजय ने कहा कि टीवीके सबसे बड़ी पार्टी है, इसलिए उसे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाना चाहिए। पार्टी ने बहुमत साबित करने के लिए विधानसभा में मौका दिए जाने का अनुरोध भी किया है। टीवीके सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने सदन में बहुमत साबित करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है।
सरकार बनाने की रणनीति तैयार कर रहे विजय
थलपति विजय ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक कर आगे की रूपरेखा पर चर्चा की। इसके अतिरिक्त विजय को विधायक दल का नेता चुना गया है। ऐसे में विजय का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय है, लेकिन जब बहुमत साबित करने की बारी आएगी उसके लिए उन्हें जरूरी आंकड़े जुटाने होंगे। इसकी तैयारियां भी चल रही हैं।
विजय को बहुमत के लिए 10 सीट की जरूरत है। इस आधार पर कांग्रेस की 5, वीसीके की 2, भाकपा और माकपा की 2-2 सीटें मिला लिया जाए तो 11 विधायकों का समर्थन मिल सकते हैं, जिसकी बदौलत बहुमत का आंकड़ा आसानी से पार हो सकता है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, टीवीके की इन दलों के साथ अनौपचारिक वार्ता हो रही है। राहुल गांधी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''यह जनादेश युवाओं की बढ़ती आवाज को दर्शाता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने तमिलनाडु और पुडुचेरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना भी की।''
