देश

'शीश महल' पर फंसे अरविंद केजरीवाल! अनियमितताओं की होगी जांच; विजिलेंस ने दिए आदेश

Sheesh Mahal: अरविंद केजरीवाल के 'शीश महल' आवास के जीर्णोद्धार में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए केंद्रीय सतर्कता आयोग ने आदेश दिए हैं। 21 अक्टूबर को, भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने 6, फ्लैग स्टाफ रोड पर मुख्यमंत्री के आवास के जीर्णोद्धार और आंतरिक सजावट पर फिजूलखर्ची के बारे में सतर्कता आयोग के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।

Image

क्या शीश महल पर फंसेंगे केजरीवाल?

Arvind Kejriwal in Trouble: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती हुई नजर आ रही है। केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) ने उनके आवास, 6 फ्लैग स्टाफ बंगले के नवीनीकरण मामले में जांच का आदेश दिया है। आदेश 13 फरवरी को जारी किया गया, जब केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) द्वारा एक तथ्यानुसार रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) द्वारा दिए गए आदेश के अनुसार, सीपीडब्ल्यूडी को यह जांच करनी है कि क्या इस आलीशान महल (जिसे 'शीश महल' कहा जा रहा है) के निर्माण में भवन निर्माण के नियमों की अनदेखी की गई थी। सीवीसी ने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) से उन आरोपों की विस्तृत जांच करने को कहा है कि '40,000 वर्ग गज (8 एकड़) में फैले एक भव्य भवन (शीश महल) के निर्माण के लिए भवन नियमों की अवहेलना की गई।'

शीश महल को लेकर फंस सकते हैं अरविंद केजरीवाल

सीपीडब्ल्यूडी द्वारा भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता की शिकायत पर अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक सीएम आवास पर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद 13 फरवरी को सीवीसी ने जांच का आदेश दिया था। 14 अक्टूबर, 2024 को गुप्ता ने 6 फ्लैग स्टाफ रोड स्थित पूर्व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व आवास पर अवैध निर्माण के संबंध में केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) में शिकायत दर्ज कराई थी।

भाजपा विधायक गुप्ता ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने 40,000 वर्ग गज (8 एकड़) में फैले एक भव्य भवन ('शीश महल') के निर्माण के लिए भवन नियमों का उल्लंघन किया। 8-बी, फ्लैग स्टाफ रोड को ध्वस्त कर दिया गया और नए आवास में मिला दिया गया, जो ग्राउंड कवरेज और फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) मानदंडों का उल्लंघन करता है और उचित लेआउट प्लान अनुमोदन की कमी है।

सीवीसी ने दिया उचित कार्रवाई का आश्वासन

16 अक्टूबर को, सीवीसी ने आगे की जांच के लिए शिकायत दर्ज की। नवंबर 2024 में, सीवीसी ने शिकायत को आगे की जांच के लिए केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) को भेज दिया। सीवीसी ने आश्वासन दिया कि तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। 21 अक्टूबर को, भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने 6, फ्लैग स्टाफ रोड पर मुख्यमंत्री के आवास के जीर्णोद्धार और आंतरिक सजावट पर फिजूलखर्ची के बारे में सतर्कता आयोग के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

यह जांच खासतौर पर इस बात को लेकर की जाएगी कि क्या फ्लैगस्टाफ बंगले के नवीनीकरण के लिए निर्धारित भवन निर्माण नियमों को तोड़ा गया था, ताकि यह आलीशान महल बनाया जा सके। इस दौरान इस बात की भी जांच की जाएगी कि क्या सार्वजनिक धन का सही तरीके से उपयोग हुआ है और क्या इस निर्माण में कोई वित्तीय अनियमितताएं पाई गईं।

विजेंद्र गुप्ता ने अपनी शिकायत में क्या कुछ लिखा?

मुख्य सतर्कता आयुक्त को अपनी शिकायत में, विजेंद्र गुप्ता ने भारी वित्तीय अनियमितताओं के बारे में लिखा, जिसमें कहा गया कि अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास के लिए शानदार सुविधाओं पर करदाताओं के करोड़ों रुपये खर्च किए। उन्होंने कहा कि विलासिता की वस्तुओं पर खर्च उचित सीमा से कहीं अधिक है और भ्रष्टाचार के बारे में गंभीर चिंताएं पैदा करता है।

बता दें कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के नवीनीकरण को लेकर पहले भी विवाद उठ चुके हैं। 6 फ्लैग स्टाफ बंगला, दिल्ली के मुख्यमंत्री का सरकारी आवास है, जहां 2015 से 2024 तक अरविंद केजरीवाल रहे हैं। 5 नवंबर को, सीवीसी ने गुप्ता की शिकायत का संज्ञान लिया और आरोपों की गंभीरता को स्वीकार किया। इसके बाद 5 दिसंबर को विजेंद्र गुप्ता की शिकायत पर आधारित एक तथ्यात्मक रिपोर्ट सीपीडब्ल्यूडी के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) द्वारा सीवीसी को सौंपी गई।

सीवीसी की जांच से अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के लिए कानूनी संकट और बढ़ सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सीवीसी की जांच में क्या निष्कर्ष सामने आते हैं और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!