क्रिकेट

इंग्लैंड की टेस्ट टीम के हेड कोच की दौड़ से हटे एंडी फ्लॉवर, बने रहेंगे आरसीबी के साथ

आरसीबी के मौजूदा कोच एंड्री फ्लावर में खुद को इंग्लैंड की टेस्ट टीम का हेड कोच बनने की रेस से बाहर कर लिया है। जानिए उन्होंने इस बारे में क्या कहा?

Image

एंडी फ्लॉवर

Photo : PTI

लंदन: जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान और अनुभवी कोच एंडी फ्लावर ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच बनने की संभावना को खारिज कर दिया है। हाल में ब्रेंडन मैकुलम के पद छोड़ने के बाद फ्लावर इस पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और ’द हंड्रेड’ में लंदन स्पिरिट के साथ अपनी मौजूदा कोचिंग भूमिका जारी रखने का फैसला किया है। हालांकि फ्लावर ने इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के प्रबंध निदेशक रॉब की के साथ इस पद को लेकर चर्चा की थी। लेकिन उन्होंने मौजूदा जिम्मेदारियों से संतुष्ट होने का हवाला देते हुए यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया।

फ्लावर 2009 से 2014 तक इंग्लैंड के मुख्य कोच रह चुके हैं। उन्होंने लंदन स्पिरिट के मीडिया कार्यक्रम में स्पष्ट किया कि वह अपनी वर्तमान जिम्मेदारियां छोड़ने के इच्छुक नहीं हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने खुद को इस दौड़ से बाहर कर लिया हैतो उन्होंने कहा,'हां, बिल्कुल। मैंने ईसीबी से बात की है। मुझे इंग्लैंड की राष्ट्रीय टेस्ट टीम के मुख्य कोच के खाली हुए पद की जानकारी है। मैंने ईसीबी में पुरुष क्रिकेट के प्रबंध निदेशक रॉब की से इस विषय पर चर्चा की। लेकिन मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं इस समय अपने काम से बेहद खुश हूं। मैं दो शानदार टीम के साथ काम कर रहा हूं। मैं अपनी मौजूदा भूमिका से पूरी तरह संतुष्ट हूं।'

फ्लावर का मानना है कि आईपीएल और किसी अंतरराष्ट्रीय टेस्ट टीम के बीच संतुलन बनाना मुश्किल है क्योंकि आईपीएल इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट सत्र के शुरुआती महीनों में होता है। उन्होंने कहा,'मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर दोनों भूमिकाएं साथ निभाना संभव नहीं है, विशेषकर तब जब आईपीएल इंग्लैंड के ग्रीष्मकालीन क्रिकेट सत्र के शुरुआती दो महीनों में खेला जाता है। मैं पहले भी इंग्लैंड के साथ काम कर चुका हूं और वह अनुभव शानदार रहा। इंग्लैंड का मुख्य कोच बनने और उस टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मेरे लिए सम्मान की बात थी। उन वर्षों की यादें आज भी मेरे लिए बेहद खास हैं। लेकिन इस समय मैं अपने वर्तमान काम से पूरी तरह संतुष्ट हूं और उसी पर ध्यान देना चाहता हूं।'

अपने पिछले कार्यकाल में फ्लावर ने इंग्लैंड को टेस्ट क्रिकेट में दुनिया की नंबर एक टीम बनाया था और टीम ने उनके नेतृत्व में तीन बार एशेज श्रृंखला भी जीती। फ्लावर ने आरसीबी के साथ इस वर्ष मई में आईपीएल खिताब जीता।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article