जुमे की नमाज के बाद देश के कई शहरों में मचा बवाल, पत्थरबाजी-आगजनी की भी घटनाएं, रांची में कर्फ्यू

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 10, 2022, 08:31 PM IST

जुमे की नमाज के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसक झड़प हुई। कई जगह पथराव हुए। कई जगह से आगजनी और तोड़फोड़ की तस्वीरें भी सामने आईं। रांची में कर्फ्यू लगा दिया गया।

जुमे की नमाज के तुरंत बाद देश के कई शहरों में हंगामा मच गया। अचानक देश के कई शहरों में एक साथ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। झारखंड की राजधानी रांची में जुमे की नमाज के बाद जमकर बवाल मचा। रांची के मेन रोड में स्थित इकरा मस्जिद के बाहर हंगामा शुरू हुआ, पहले नारेबाजी हुई, काले झंडे दिखाए गए और फिर बवाल इतना बढ़ गया कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद आरोप है कि पुलिस पर फायरिंग की गई। पुलिस ने भी फायरिंग की और इसके बाद भीड़ पर काबू पाया जा सका। रांची में कर्फ्यू लगाया गया। रांची के सिटी एसपी घायल हुए। 12 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए।

कहां-कहां हुई पत्थरबाजी? 

  1. दिल्ली 
  2. सहारनपुर 
  3. रांची 
  4. हावड़ा 
  5. प्रयागराज 
  6. सोलापुर 

इबादत के नाम पर इकट्ठा हुई भीड़ बवाल पर उतर गई। सहारनपुर में घरों से पुलिस पर पत्थर फेंके गए। प्रयागराज में पुलिस ने सीधी भिड़ंत के बाद लाठीचार्ज की। रांची में प्रदर्शनकारियों का पुलिस पर पथराव हुआ। बिहार के आरा में नारेबाजी के साथ सैकड़ों की भीड़ सड़क पर उतर आई। पंजाब के लुधियाना में बवाल और प्रदर्शन हुआ। शहर-शहर जुमे की नमाज के बाद सड़क पर बवाल मच गया। जमा हुई भीड़ हंगामा करती हुई पुलिस से भीड़ गई।

यूपी के प्रयागराज में मुस्लिम बाहुल्य इलाके में जुमे की नमाज के बाद हजारों की भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इससे हड़कंप मच गया और पुलिस ने जवाबी एक्शन लेते हुए लाठीचार्ज किया तो भीड़ गलियों में घुस गई और छतों पर पहुंच कर पथराव करने लगी। पथराव के बाद भारी तादाद में पुलिस फोर्स मौके पर मंगा ली गई। आरएएफ की कई कंपनी को भी बुला लिया गया। पुलिस ने पथराव करने वालों को खदेड़ा...जमकर लाठियां चली... भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। जुमे की नमाज के बाद मुरादाबाद में भी बवाल हुआ। मुरादाबाद के थाना मुगलपुरा क्षेत्र में भीड़ सड़क पर उतर आई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने उपद्रवियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। 

शहर-शहर जुमे की नमाज के बाद हंगामा मच गया...आरा, कोलकाता...लखनऊ..देवबंद...दिल्ली...हर जगह कमोबेश एक ही हालत रही। महाराष्ट्र के सोलापुर में भी जुमे की नमाज के बाद हालात काफी खराब हो गए। सोलापुर में दोपहर के बाद हालात बिगड़ने लगे। लोग सड़कों पर आ गए।  इस दौरान लोगों ने हाथों में धार्मिक और काले झंडे दिखाए..वहीं कुछ लोगों के हाथों में तिरंगा भी दिखा।

End of Article