Times Now Summit 2021 में अरविंद केजरीवाल का बड़ा ऐलान- यमुना मेरी जिम्मेदारी, अगले चुनाव तक साफ हो जाएगी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 10, 2021, 08:54 PM IST

Times Now Summit 2021: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल टाइम्स नाउ समिट 2021 में शामिल हुए। उन्होंने अपनी अयोध्या यात्रा, हिंदुत्व और आगामी चुनावों पर बात की।

Times Now Summit 2021 में पहुंचे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि यमुना मेरी जिम्मेदारी है, मैं किसी पर आरोप नहीं लगाना चाहता। ये 70 साल की समस्या है। मैंने 5 साल का समय मांगा था। मुझे थोड़ा समय दीजिए, अगले चुनाव तक यमुना साफ हो जाएगी। टाइम्स नेटवर्क की ग्रुप एडिटर एवं टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार ने उनसे दिल्ली के वायु प्रदूषण पर भी सवाल किया, जिस पर उन्होंने कहा कि दिल्ली वालों का कोई कसूर नहीं है। 10 अक्टूबर के बाद प्रदूषण बढ़ता है, ये पराली के धुएं से बढ़ता है। पंजाब के किसान कहते हैं कि दिल्ली पहुंचते-पहुंचते कम हो जाता है। हमें तो ये पूरा नुकसान पहुंचाता है। सरकारों को समाधान करना होगा। हमने समाधान निकाला, पंजाब सरकार, यूपी सरकार क्यों नहीं करती ? पराली  सोना बन सकता है। इससे बिजली बनती है, गत्ता बनता है, कोयला बनता है। 

वहीं हनुमान चालीसा और अयोध्या जाने के सवाल पर केजरीवाल ने कहा कि क्या उन्होंने अयोध्या जाकर भगवान राम के दर्शन करके कोई गलती की है ? क्या प्रभु रामचंद्र के दर्शन करने अयोध्या जाना पाप है? क्या हनुमान चालीसा का पाठ करना अपराध है? जब मैं ऐसा करता हूं तो ये दूसरे पार्टी वाले मुझे गाली देते हैं। भगवान श्रीराम हर हिंदू के आराध्य हैं। मेरे हिसाब से रामचंद्र जी का कहा हुआ एक-एक शब्द, उनकी वाणी, उनके वचन मेरे लिए हिंदुत्व है। दलितों पर अत्याचार हिंदुत्व नहीं, इंसान को इंसान से जोड़ना हिंदुत्व है। श्रीराम का संदेश ही मेरे लिए हिंदुत्व है। 

पंजाब में कांग्रेस में मचे घमासान पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस वहां जो भी कर रही है, वो लोगों का अपमान है। वहीं मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो भी होगा, जल्दी बताया जाएगा। मैं दिल्ली का बेटा हूं, दिल्ली में ही रहूंगा, मैं कहीं नहीं जा रहा। उत्तराखंड, गोवा, उत्तर प्रदेश और पंजाब में चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जहां लोग कहेंगे हम वहां जाएंगे। 70 सालों में इन पार्टियों ने क्या किया, कोई बताए, हम स्कूल-बिजली पानी पर वोट मांगते हैं। दिल्ली के लोगों ने एक मौका दिया और किसी भी पार्टी के लिए कोई मौका नहीं है।

फ्री के ऐलान पर बोले केजरीवाल

सभी मंत्रियों और विधायकों को बिजली फ्री मिलती है, तब कोई Freebie नहीं बोलता, लेकिन मैं जब जनता को देता हूं तो इनको क्यों तकलीफ होती है। जो-जो मंत्रियों और संत्रियों को फ्री मिलता है, मैं लोगों को फ्री देना चाहता हूं। दिल्ली सरकार मुनाफे में चल रही है। हम सही नीयत से जनता के लिए काम कर रहे हैं। हमने कोई नया टैक्स नहीं लगाया, किसी सरकार के पास पैसे की कोई कमी नहीं है, नीयत की कमी है। पेट्रोल पर वैट कम करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम कैलकुलेट कर रहे हैं, जल्द इस पर फैसला किया जाएगा। 

End of Article