रायपुर पुलिस ने कालीचरण को किया गिरफ्तार, धर्म संसद में महात्मा गांधी पर दिया था आपत्तिजनक बयान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 30, 2021, 09:11 AM IST

रायपुर पुलिस ने कालीचरण को खजुराहो से गिरफ्तार किया है। धर्म संसद में गांधी पर आपत्तिजनक बयान दिया था।

रायपुर पुलिस ने कालीचरण महाराज को खजुराहो से गिरफ्तार किया है। उन्होंने धर्म संसद में महात्मा गांधी पर आपत्तिजनक बयान दिया था।छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले की पुलिस ने महात्मा गांधी के खिलाफ 'अपमानजनक' टिप्पणी करने और उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रशंसा करने के आरोप में हिंदू धार्मिक नेता कालीचरण महाराज के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

रायपुर धर्म संसद में दिया था बयान
रायपुर के रावणभाठा मैदान में दो दिवसीय 'धर्म संसद'  के अंतिम दिन कालीचरण महाराज ने अपने भाषण के दौरान राष्ट्रपिता के खिलाफ 'अपमानजनक' टिप्पणी की थी और उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रशंसा की थी। कालीचरण महाराज ने लोगों से कहा था कि उन्हें धर्म की रक्षा के लिए एक कट्टर हिंदू नेता को सरकार के मुखिया के तौर पर चुनना चाहिए। उनके इस बयान पर राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस के नेताओं ने आपत्ति जताई थी।

कांग्रेस नेता ने की थी शिकायत
कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे की शिकायत पर पुलिस ने शहर के टिकरापारा थाने में कालीचरण महाराज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कालीचरण महाराज के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 505 (2) (विभिन्न वर्गों के बीच शत्रुता, घृणा या द्वेष पैदा करने या बढ़ावा देने वाले बयान) और 294 (अश्लील कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है।उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।



End of Article