'Navbharat Navnirman Manch': आधी आबादी किसके साथ, 4 पार्टी की चार महिला नेताओं ने रखी मन की बात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 15, 2021, 03:47 PM IST

टाइम्स नाउ नवभारत 'नवभारत नवनिर्माण मंच': उत्तर प्रदेश की महिलाएं राज्य सरकार के बारे में क्या सोचती हैं और उनके मन में क्या है। 'नवभारत नवनिर्माण मंच' पर इसे जानने की कोशिश की गई।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में महिलाएं आगामी विधान सभा चुनावों में किस पार्टी का साथ देंगी और राज्य में महिलाओं का मूड क्या है, राज्य की आधी आबादी का नब्ज टटोलने के लिए टाइम्स नाउ नवभारत की न्यूज एडिटर मीनाक्षी कंडवाल ने चार पार्टी की चार महिला नेताओं से बेबाकी से बात की। इन महिला नेताओं से पार्टी लाइन से ऊपर उठकर यह जानने की कोशिश की गई कि राज्य की महिलाएं प्रदेश सरकार के बारे में क्या सोचती हैं और उनके मन में क्या है? 'नवभारत नवनिर्माण मंच' पर इन महिला नेताओं ने खुलकर अपनी बात रखी-

पहले से ज्यादा मुखर हैं महिलाएं-जूही सिंह
समाजवादी महिला सभा की अध्यक्ष जूही सिंह ने कहा कि अब महिलाएं साइलेंट वोटर्स नहीं बल्कि मुखर हैं। अपनी बात कहती हैं। महिला अपने अधिकारों को सुनिश्चित कर रही है। 

इस बार 54 प्रतिशत महिलाएं पंचायत सदस्य बनीं-स्वाती सिंह
यूपी सरकार में मंत्री स्वाती सिंह ने कहा कि भाजपा में महिलाओं को बहुत महत्व दिया जाता है। हमारी पार्टी महिलाओं को आगे बढ़ाने में विश्वास करती है। पंचायत चुनावों में महिलाओं ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। इस बार 54 प्रतिशत महिलाएं पंचायत सदस्य बनी हैं। उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए योजनाएं चला रही है। कन्या सुमंगला योजना के तहत राज्य सरकार लड़कियों को छह किस्तों में आर्थिक सहायता देती है। 



'कांग्रेस के साथ मतभेद लेकिन खुले में चर्चा नहीं करूंगी'
रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह ने कहा कि बड़ी राजनीतिक पार्टियां महिलाओं का अधिकार देने में आनाकानी करती हैं। महिलाओं को हारी हुई सीटों पर टिकट दिया जाता है। उन्होंने कहा, 'मैं अपना सभी चुनाव जीत कर आई हूं। कई मुद्दों पर हमारा कांग्रेस के साथ मतभेद हैं लेकिन मैं इस पर खुले में चर्चा नहीं करना चाहूंगी।' अदिति सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने कोरोना काल में अच्छा काम किया है। वह गरीब लोगों को मुफ्त राशन बांट रही है। 

 पीड़िताओं की मदद के लिए संगठन बने-फौजिया खान
वहीं, स्वाती सिंह की बातों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता फौजिया खान ने कहा कि जहां झूठ पर सब कुछ चल रहा हो वहां तर्क-वितर्क मायने नहीं रखता। इस पर स्वाती सिंह ने पलटवार करते हुए कहा, 'सच तो आप लोग बोलते हैं, आपके घर में तालिबान को सही ठहराया जाता है। आप पहले अपने घर में सशक्तिकरण कर लीजिए, हमें यूपी को तालिबान नहीं बनाना है।' खान ने कहा कि उन्हें लगता है कि हर जगह पीड़िताओं की मदद के लिए संगठन और टीम होनी चाहिए।  

End of Article