Amarinder Singh: कांग्रेस छोड़ेंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह, जल्द बनाएंगे अपनी नई पार्टी-सूत्र

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 30, 2021, 03:23 PM IST

Amarinder Singh : इस बीच, कैप्टन के करीबी सूत्रों ने जानकारी दी है कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन सिंह कांग्रेस छोड़कर अपनी पार्टी बनाने वाले हैं। वह भाजपा में शामिल नहीं होंगे।

नई दिल्ली : पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान पर चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली तक सियासी मुलाकातों का दौर जारी है। गुरुवार को केरल से लौटकर राहुल गांधी जहां कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे वहीं आज शाम नवजोत सिंह सिद्धू की मुलाकात मुख्यमंत्री चरणजीच सिंह चन्नी से होनी है। इस बीच, कैप्टन के करीबी सूत्रों ने जानकारी दी है कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन सिंह कांग्रेस छोड़कर अपनी पार्टी बनाने वाले हैं। वह भाजपा में शामिल नहीं होंगे लेकिन भगवा पार्टी के साथ वह अपना मेलजोल बढ़ा सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के 25 से 30 विधायक उनके संपर्क में है। ये विधायक यदि कैप्टन के साथ आते हैं तो चन्नी सरकार अस्थिर हो सकती है। इस बात का डर कांग्रेस को सताने लगा है। कैप्टन आज शाम दिल्ली से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे। कैप्टन ने अपने ट्विटर बॉयो से कांग्रेस का नाम हटा दिया है। 

पंजाब में होंगे बड़े राजनीतिक घटनाक्रम

इससे पहले, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राजधानी में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल से मुलाकात की। सभी की नजरें कैप्टन अमरिंदर सिंह के कदम पर टिकी हैं। उन्हें लेकर कई तरह की अटकलें लग रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं से उनकी मुलाकात को लेकर अटकलें लग रही हैं कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि कैप्टन यदि भाजपा में शामिल नहीं होते हैं तो वह अपनी अलग पार्टी बना सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए समय मांगा है। 

End of Article