कौन है तौसीफ? राजनीतिक परिवार से है निकिता का हत्यारोपी तौसीफ, धर्म बदलने और शादी का बना रहा था दबाव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 28, 2020, 03:04 PM IST

Who is Tauseef: बल्लभगढ़ में छात्रा निकिता तोमर की हत्या करने का आरोपी तौसीफ का ताल्लुक एक राजनीतिक परिवार से है। आरोप है कि उसने लड़की पर धर्म बदलने का दबाव बनाया।

नई दिल्ली: हरियाणा के बल्लभगढ़ में गोली मारकर खत्म की गई छात्रा निकिता तोमर के पिता ने कहा है कि उस पर अपना धर्म बदलने और शादी करने का दबाव था। मुख्य आरोपी तौसीफ ने दिनदहाड़े निकिता तोमर नाम की छात्रा की गोली मारकर हत्या की। पुलिस हत्या के दोनों आरोपियों तौसीफ और रेहान को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखता है। 

मृतका के परिवार का आरोप है कि आरोपी निकिता पर धर्म बदलने का दबाव डाल रहा था। निकिता की बहनों ने मीडिया को बताया, 'जब लड़के ने 2018 में हमारी बहन का अपहरण करने की कोशिश की, तो पुलिस ने कुछ भी नहीं किया और हमसे सुलह करने को कहा। लड़का उसे धर्म बदलने और शादी करने के लिए कह रहा था। हमारी बहन इसके लिए तैयार नहीं थी।'

उल्लेखनीय है कि सोमवार को आरोपियों ने पहले छात्रा को कार में खींचने का प्रयास किया और फिर असफल रहने पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इस पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आ गई है। पुलिस कमीश्नर फरीदाबाद ओपी सिंह ने बताया कि 2018 में भी निकिता के अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। बाद में परिवार ने कार्रवाई करने से मना कर दिया था। ये मामला अब क्राइम ब्रांच को सौंप दिया है, SIT का गठन किया गया है। सारे सबूतों को इकट्ठा कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाएंगे। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। 

राजनीतिक परिवार से है आरोपी

तौसीफ के दादा कबीर अहमद विधायक रह चुके हैं, जबकि चाचा खुर्शीद अहमद हरियाणा के पूर्व मंत्री रहे हैं। वहीं, एक अन्य रिश्तेदार आफताब अहमद वर्तमान में कांग्रेस के नूंह (मेवात) विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में परिवहन मंत्री भी रहे हैं। तौसीफ के चाचा जावेद अहमद ने भी 2019 में सोहना विधानसभा क्षेत्र से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे।

End of Article