Amritsar: स्वर्ण मंदिर में टाइटलर की फोटो वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंचा कांग्रेस वर्कर, SGPC भड़की

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 18, 2022, 01:13 PM IST

एक कांग्रेस कार्यकर्ता बुधवार को स्वर्ण मंदिर परिसर के अंदर अपनी पार्टी के नेता जगदीश टाइटलर की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंच गया। एसजीपीसी ने इसकी कड़ी निंदा की है।

Amritsar: स्वर्ण मंदिर(Golden Temple) में Congress कार्यकर्ताओं के जगदीश टाइटलर (Jagdish Tytler) की फोटो लगी टी-शर्ट पहनकर फोटो खिंचवाने का मामला सामने आया है. इसकी शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने निंदा करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। एसजीपीसी अध्यक्ष का कहना है कि जगदीश टाइटलर दिल्ली सिख नरसंहार के मुख्य दोषी हैं, जिसे सिख समुदाय कभी माफ नहीं कर सकता। 

SGPC ने दर्ज करवायी शिकायत

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि इस कृत्य को करने के लिए सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर वायरल करने वाले करमजीत सिंह के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज की जाएगी। बाद में एसजीपीसी के सहायक सचिव (मीडिया) कुलविंदर सिंह रामदास ने बताया कि एसजीपीसी अध्यक्ष धामी के निर्देश पर श्री दरबार साहिब के प्रबंधक ने करमजीत सिंह के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है।

सिख भावनाओं को पहुंचाई ठेस

टाइटलर का नाम 1984 के सिख विरोधी दंगों के सिलसिले में आया था। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि यह स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि अमृतसर के करमजीत सिंह ने जानबूझकर साजिश के तहत यह कृत्य किया है।कांग्रेस हमेशा सिख विरोधी रही है। आज कांग्रेस नेता ने हरमंदर साहिब में टाइटलर की तस्वीर का प्रचार कर एक बार फिर सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

End of Article