देश

धराली त्रासदी में फंसे कहां हैं महाराष्ट्र के 31 पर्यटक? नहीं हो पा रहा संपर्क, हालात पर फडणवीस की पैनी निगाह

Uttarakhand Flash Floods: महाराष्ट्र सरकार उत्तरकाशी जिले के धराली इलाके में भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने के कारण राज्य के 151 पर्यटकों के वहां फंस जाने के बाद उत्तराखंड प्रशासन के लगातार संपर्क में है। उन्होंने बताया कि अब तक इनमें से 120 पर्यटकों से संपर्क किया जा चुका है, लेकिन 31 पर्यटकों से संपर्क नहीं हो पाया।

Image

धराली में युद्धस्तर पर चल रहा बचाव अभियान (फोटो साभार: PTI)

Photo : PTI

Uttarakhand Flash Floods: उत्तरकाशी जिले के धराली में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ की वजह से महाराष्ट्र के 151 पर्यटक फंस गए जिसके बाद से महाराष्ट्र सरकार लगातार पर्यटकों की सुरक्षित वापसी की योजना पर काम कर रही है। साथ ही उत्तराखंड प्रशासन के लगातार संपर्क में है। अधिकारियों के मुताबिक, अबतक 120 पर्यटकों से संपर्क साधा गया है। उन्होंने बताया कि यह पर्यटक भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक शिविर में सुरक्षित हैं।

कहां हैं शेष 31 पर्यटक?

महाराष्ट्र के मुख्य सचिव राजेश कुमार ने उत्तराखंड के अपने समकक्ष आनंद बर्धन से बात की और शेष 31 पर्यटकों का पता लगाने और उनकी वापसी में सभी आवश्यक सहायता का अनुरोध किया। दरअसल, महाराष्ट्र के 151 पर्यटकों में से 120 से ही संपर्क हो सका है और शेष 31 पर्यटकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है।

कहां के कितने पर्यटकों से नहीं हो पाया संपर्क?

अधिकारियों ने बताया कि जिन पर्यटकों से अभी तक संपर्क नहीं हो पाया है उनमें ठाणे के पांच, सोलापुर के चार, अहिल्यानगर का एक, नासिक के चार, मालेगांव के तीन, चारकोप-कांदिवली के छह, मुंबई उपनगर के छह और टिटवाला के दो लोग शामिल हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम कनेक्टिविटी और चार्जिंग सुविधाओं की कमी की वजह से शेष पर्यटकों से संपर्क नहीं हो पाया। आनंद बर्धन ने राजेश कुमार को आश्वासन दिया कि उनका पता लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।

मुख्य सचिव राजेश कुमार ने पर्यटकों के परिवारों से अपील की कि वह न घबराएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहे हैं और उत्तराखंड के अधिकारियों के संपर्क में हैं। पर्यटकों को रेल या हवाई परिवहन द्वारा वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article