BJP Akali Dal Alliance: पंजाब की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने आगामी 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव एक साथ मिलकर लड़ने का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नई दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस गठबंधन की औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद थे।
PM मोदी ने बताया पंजाब के लोगों की पहली पसंद
गठबंधन की घोषणा के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खुशी जताई। उन्होंने लिखा, "पंजाब और पंजाबियों के कल्याण को सबसे पहले रखते हुए। मुझे बेहद खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल एनडीए परिवार में वापस आ गया है, वो भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर। हमारा गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो पंजाब को जन-हितैषी शासन देगा और राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।"
इसके साथ ही पीएम मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और सरदार प्रकाश सिंह बादल को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन को अटल-आडवाणी और सरदार ने सींचा है। अकाली दल-बीजेपी गठबंधन ने समय की हर कसौटी पर खुद को साबित किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनेगा।
अमित शाह ने बताया कौन बनेगा CM
बता दें कि अमित शाह ने इस गठबंधन की रूपरेखा भी साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी में शिरोमणि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री का चेहरा भी अकाली दल से ही होगा। शाह ने कहा, "जो दल गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाता है, मुख्यमंत्री उसी का होता है।" उन्होंने बताया कि दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद यह फैसला लिया गया है कि अगला पंजाब विधानसभा चुनाव बीजेपी और अकाली दल संयुक्त रूप से लड़ेंगे। आज से अकाली दल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का आधिकारिक घटक दल होगा।
'गुरुपर्व के पावन अवसर पर हुआ गठबंधन'
गुरुपर्व के पावन अवसर पर अकाली दल की एनडीए में वापसी को शाह ने ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, "यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि एनडीए का सबसे पुराना सहयोगी शिरोमणि अकाली दल आज एक बार फिर एनडीए में लौट रहा है। मैं अकाली दल के सभी साथियों और सरदार सुखबीर सिंह बादल जी का एनडीए में हृदय से स्वागत करता हूं।" इस गठबंधन के बाद पंजाब की सियासत में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और अकाली दल-बीजेपी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2020 में कृषि कानूनों को लेकर टूटा यह गठबंधन अब 2027 में फिर से पंजाब की सत्ता का समीकरण बदल सकता है।
