देश

Char Dham Yatra Suspended: उत्तराखंड में बारिश का कहर, रोकी गई चारधाम यात्रा, 5 जिलों में स्कूल बंद; IMD का रेड अलर्ट

Char Dham Yatra Suspended: उत्तराखंड में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा जारी 'रेड' और 'ऑरेंज' अलर्ट के बीच प्रशासन ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चारधाम यात्रा को 27 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दिया है।

Image

चार धाम यात्रा पर ब्रेक (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Char Dham Yatra Suspended: उत्तराखंड में एक बार फिर कुदरत का कड़ा इम्तिहान शुरू हो गया है। राज्यभर में शनिवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते हालात चिंताजनक बने हुए हैं। मैदानी इलाकों में जहां लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं, वहीं उच्च हिमाली क्षेत्रों में रुक-रुक कर बर्फबारी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग द्वारा कई जिलों के लिए 'रेड' और 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है।

पीटीआई के मुताबिक तीर्थयात्रियों और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने बड़ा फैसला लिया है। उनके आदेश के अनुसार, 26 सितंबर की दोपहर से लेकर 27 सितंबर तक के लिए चारधाम यात्रा को पूरी तरह से स्थगित कर दिया गया है। श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर ही रहें और मौसम सामान्य (Uttarakhand Heavy Rain) होने का इंतजार करें।

इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी

इसके अलावा, एहतियात के तौर पर बागेश्वर, पिथोरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों में 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। शनिवार को मौसम विभाग ने बागेश्वर, पिथोरागढ़, चंपावत, नैनीताल और उधम सिंह नगर के लिए भारी से अति भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया था। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

मैदानी इलाकों में बढ़ा जलभराव का खतरा

रविवार के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है, जबकि उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' रहेगा। लगातार हो रही बारिश से पहाड़ों में भूस्खलन, रास्ते बंद होने और मैदानी इलाकों में जलभराव का खतरा काफी बढ़ गया है। राहत की बात यह है कि अभी तक राज्य में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!